- पांच से सात सितंबर तक क्रिकेट और लॉन टेनिस के मुकाबले होंगे, अंडर-14, अंडर-17 और अंडर-19 आयु वर्ग के खिलाड़ी लेंगे हिस्सा
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। राज्य स्तरीय स्कूली खेल प्रतियोगिता को लेकर जिला शिक्षा विभाग ने तैयारियां तेज कर दी हैं। पांच से सात सितंबर तक होने वाली तीन दिवसीय प्रतियोगिता में प्रदेशभर से 500 से अधिक खिलाड़ी हिस्सा लेंगे। प्रतियोगिता में क्रिकेट और लॉन टेनिस के मुकाबले कराए जाएंगे। इसमें अंडर-14, अंडर-17 और अंडर-19 आयु वर्ग के खिलाड़ी अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।
प्रतियोगिता में प्रदेश के विभिन्न जिलों से स्कूलों की टीमें गुरुग्राम पहुंचेंगी। शिक्षा विभाग की ओर से प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए खेल मैदान, खिलाड़ियों के ठहरने, भोजन और अन्य जरूरी व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है। दूसरे जिलों से आने वाली टीमों के आगमन और आवास की व्यवस्था पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। विभाग ने संबंधित अधिकारियों और शिक्षकों को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी हैं। प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं और खेल का अनुकूल माहौल उपलब्ध कराने की तैयारी की जा रही है।
कोट-
जिला शिक्षा विभाग के खेल अधिकारी जगदीश अहलावत ने बताया कि तैयारियां तेजी से चल रही हैं। उन्होंने कहा कि 500 से अधिक खिलाड़ी क्रिकेट और लॉन टेनिस प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेंगे। सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर पूरी करने के प्रयास किए जा रहे हैं, ताकि प्रतियोगिता का आयोजन सुचारु रूप से हो सके।