गुरुग्राम। केंद्रीय राज्यमंत्री राव इंद्रजीत सिंह ने आवास एवं शहरी मामलों के मंत्री मनोहर लाल को पत्र लिखा है। पत्र में एयरपोर्ट मेट्रो लाइन व द्वारका मेट्रो को द्वारका एक्सप्रेसवे के साथ एनएच-48 तक जोड़ने का आग्रह किया है।
राव इंद्रजीत सिंह के पत्र के अनुसार पिछले दिनों जीएमडीए की बैठक हुई थी। बैठक में राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र परिवहन निगम (एनसीआरटीसी) के अधिकारियों ने बताया था दिल्ली एयरपोर्ट मेट्रो लाइन को गुरुग्राम के सेक्टर 22-23 से होते हुए इफ्को चौक तक जोड़ने के लिए डीपीआर बनाई जा रही है। हालांकि बैठक में यह बताया गया कि भविष्य में नमो भारत आरआरटीएस से भी इफ्को चौक स्टेशन जुड़ने जा रहा है। ऐसे में इफ्को चौक पर पूर्व में ही यातायात का काफी अधिक दबाव है। बैठक में सहमति बनी कि एयरपोर्ट मेट्रो लाइन व द्वारका मेट्रो को गुरुग्राम स्थित द्वारका एक्सप्रेसवे के साथ जोड़ते हुए इसे खेड़की दौला क्लोवर लीफ (एनएच-48) के साथ एसपीआर से जोड़ने की योजना पर भी विचार किया जाए। बैठक में सहमति बनी कि द्वारका एक्सप्रेसवे को भी मेट्रो से जोड़ने की डीपीआर तैयार करने का कार्य एनसीआरटीसी की ओर से किया जाए। ब्यूरो