-पंजीकरण के लिए 5 नवंबर आखिरी दिन
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। जिले में 6 और 7 नवंबर को आयोजित होने वाले जिला स्तरीय युवा महोत्सव की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। सेक्टर-14 स्थित राजकीय कन्या महाविद्यालय में जिला स्तरीय युवा महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। इसको लेकर विभिन्न कॉलेजों के छात्र-छात्राएं सांस्कृतिक, खेल, नृत्य, नाटक और गायन जैसी प्रतियोगिताओं में भाग लेने के लिए अभ्यास में जुटे हुए हैं। युवा प्रतिभाओं को मंच देने वाला यह आयोजन जिले के युवाओं के लिए एक बड़ा अवसर माना जा रहा है।
राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) प्रधानाचार्य रविन्द्र कुमार ने बताया कि 15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के युवक-युवतियां किसी भी राजकीय आईटीआई में आकर पांच नवंबर तक पंजीकरण करवा सकते हैं। पंजीकरण के लिए आधार कार्ड, फैमिली आईडी, फोटो और बैंक खाता की जानकारी देनी होगी।
महोत्सव में समूह लोक नृत्य, लोक गीत, कहानी लेखन (हिंदी, अंग्रेजी व क्षेत्रीय भाषा), कविता लेखन, पोस्टर मेकिंग, भाषण प्रतियोगिता, विज्ञान मेला और लोक वाद्य यंत्र जैसे कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। विजेताओं को प्रथम पुरस्कार 3100 रुपये, द्वितीय 2100 रुपये और तृतीय 1100 रुपये के साथ प्रमाण पत्र दिए जाएंगे। प्रधानाचार्य ने युवाओं से अपील की कि वे बड़ी संख्या में भाग लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करें और पंजीकरण की अंतिम तिथि से पूर्व आवेदन अवश्य करें।