गुरुग्राम। गुरुग्राम और नूंह में आने वाले दिनों में बिजली उपभोक्ताओं को निजी क्षेत्र से बिजली की आपूर्ति की सुविधा मिल सकती है। गुरुग्राम के 7.40 लाख बिजली उपभोक्ताओं के पास निजी और सार्वजनिक क्षेत्र की बिजली में चुनने की सुविधा होगी। हरियाणा विद्युत प्रसारण नियामक आयोग (एचईआरसी) के समक्ष निजी क्षेत्र की कंपनी इलेवन पावर प्राइवेट लिमिटेड ने बिजली अधिनियम 2003 की धारा 14-15 के तहत एचईआरसी के पास लाइसेंस के लिए याचिका दी थी। इसकी सुनवाई पूरी हो गई है और इसपर आदेश जारी होना है। दूसरी ओर अडानी ग्रुप ने गुरुग्राम में बिजली वितरण के लिए लाइसेंस का आवेदन दिया है। दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण में बिजली अधिनियम 2003 के तहत निजी कंपनियों को बिजली वितरण का एचईआरसी आदेश दे सकता है लेकिन यह डीएचबीवीएन की समानांतर व्यवस्था होगी और उन्हें बिजली की दरें वही रखनी होंगी, जो डीएचबीवीएन की दर है। लाइसेंस के लिए दिए गए शपथ पत्र में कंपनी ने गुरुग्राम और नूंह में 471673 करोड़ रुपये निवेश की योजना प्रस्तुत की है। विशेषज्ञों के अनुसार प्रतिस्पर्धा बढ़ने से बिजली सेवाओं की गुणवत्ता, जवाबदेही और उपभोक्ता सुविधाओं में सुधार होगा। संवाद