गुरुग्राम समेत प्रदेश के स्कूलों में वैकल्पिक विषय के रूप में शुरू करने की योजना
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। सरकारी स्कूलों के विद्यार्थियों को अब जर्मन भाषा सीखने का मौका मिलेहा। हरियाणा शिक्षा विभाग ने स्कूलों में जर्मन भाषा शुरू करने की तैयारी शुरू कर दी है। इसके लिए विभाग ने इच्छुक शिक्षकों से ऑनलाइन आवेदन मांगे हैं। यह कार्यक्रम जर्मन एंबेसी के सहयोग से चलाया जाएगा। विभाग के अनुसार गुरुग्राम समेत पूरे प्रदेश के सरकारी स्कूलों में जर्मन भाषा को वैकल्पिक विषय के रूप में शुरू करने की योजना है।
इसके लिए पहले ऐसे शिक्षकों का चयन किया जाएगा जो जर्मन भाषा सीखने और पढ़ाने में रुचि रखते हैं। पीजीटी इंग्लिश, टीजीटी इंग्लिश और टीजीटी सोशल स्टडीज के शिक्षक एमआईएस पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन प्रक्रिया निदेशालय स्तर पर ऑनलाइन संचालित की जा रही है। विभाग का मानना है कि इस पहल से विद्यार्थियों को विदेशी भाषाओं की जानकारी मिलेगी और शिक्षकों को नई भाषा सीखने व प्रशिक्षण प्राप्त करने का अवसर मिलेगा। यदि किसी शिक्षक के पास जर्मन या अन्य विदेशी भाषा से संबंधित प्रमाणपत्र या प्रशिक्षण है तो वह इसकी जानकारी आवेदन में दे सकता है। ऐसे आवेदनों को प्राथमिकता मिलने की संभावना है। हालांकि विभाग ने स्पष्ट किया है कि केवल ईओआई जमा करने से चयन सुनिश्चित नहीं होगा। केवल एमआईएस पोर्टल पर किए गए ऑनलाइन आवेदन ही मान्य होंगे।
जर्मन भाषा की शुरुआत से विद्यार्थियों को अंतरराष्ट्रीय शिक्षा और रोजगार के क्षेत्र में नए अवसर प्राप्त हो सकेंगे। - इंदू बोकन, जिला शिक्षा अधिकारी गुरुग्राम।