लोगों ने एक-दूसरे के गले मिलकर ईद की मुबारकबाद दी, मुस्लिमों ने हिंदू भाइयों को अपने घर बुलाकर मिठाई खिलाई
संवाद न्यूज एजेंसी
नूंह। ईद-उल-फितर का त्योहार हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। लोगों ने जगह-जगह ईदगाहों पर पहुंचकर ईद की नमाज अदा कर अल्लाह से मुल्क में अमन-शांति व तरक्की की दुआ मांगी। लोगों ने एक-दूसरे के गले मिलकर ईद की मुबारकबाद दी। ईद की नमाज अदा करने के लिए लोग नए कपड़े व सिर पर टोपी पहनकर गांवों से कस्बों की ईदगाह के लिए रवाना हुए। जहां मौलानाओं ने ईदगाह में नमाज अदा कराई वहीं हरियाणा कांग्रेस विधायक दल के उप नेता एवं नूंह विधायक चौधरी आफताब अहमद, फिरोजपुर झिरका विधायक मामन खान, पुन्हाना विधायक मोहम्मद इलियास, भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं हरियाणा वक्फ बोर्ड के प्रशासन चौधरी जाकिर हुसैन (पूर्व विधायक), पूर्व डिप्टी स्पीकर आजाद मोहम्मद, पूर्व विधायक हबीबुर्रहमान, रहीस खान, नसीम अहमद, कांग्रेस नेता महताब अहमद, आप नेता एडवोकेट फकरूद्दीन चंदेनी, इनेलो नेता हाजी सोहराब खान, भाजपा नेता जाहिद हुसैन, जेजेपी नेता अमन अहमद, रफीक हथौड़ी खेड़ला जिला प्रधान एवं प्रदेश प्रवक्ता हरियाणा सरपंच एसोसिएशन सहित अन्य ने ईद की बधाई दी।
खास बात यह रही कि इस पर्व पर हिंदू-मुस्लिम एकता की मिसाल देखी गई। हिंदुओं ने अपने साथियों और नेताओं के घर पहुंच कर जहां उन्हें ईद की बधाई दी, वहीं मुस्लिमों ने भी हिंदू भाइयों को अपने घर बुलाकर उन्हें मिठाई खिलाई। इस मौके पर मेवात में एक बार फिर गंगा जमुनी तहजीब का नजारा देखने को मिला। चौधरी आफताब अहमद विधायक नूंह व जाकिर हुसैन पूर्व विधायक नूंह के निवास पर लोगों की खासी भीड़ देखी गई।
फोटो: विधायक आफताब अहमद को ईद की मुबारकबाद देते हुए।