पुलिस ने तैयार किया सुरक्षा प्लान, व्यापक संख्या में तैनात होंगे जवान
सेक्टर 29 के लेजर वैली पार्क में खुले में होने वाली नमाज के स्थान पर सबसे अधिक भीड़ की संभावना
खुले में नमाज के विरोध के चलते पुलिस है सतर्क
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। कमिश्नरेट की पुलिस ने ईद की नमाज को लेकर माइक्रो प्लान तैयार किया है। चारों जोन में 66 जगह पर ईद की नमाज अदा की जाएगी। इसमें ईस्ट जोन में सेक्टर 29 थाना क्षेत्र में लेजर वैली पार्क में होने वाली नमाज अहम है। नमाज पढ़ने वालों की संख्या यहां पर सबसे अधिक होगी। खुले में होने वाली नमाज में यहां पर मौलवी की ओर से तीन से पांच चरण में नमाज पढ़ाये जाने की संभावना है।
रमजान का महीना आज पूरा हो गया। बाजारों में खरीदारी पूरी हो गई। कमिश्नरेट की पुलिस ने चारों जोन में अलग-अलग 66 प्वाइंट बनाए हैं। जहां पर ईद की नमाज पढ़ी जाएगी। ईस्ट जोन में हाइवे के किनारे ईदगाह वाली मस्जिद, सेक्टर 56 में अंजुमन ट्रस्ट की मस्जिद वेस्ट जोन में जामा मस्जिद, सराय अलावर्दी, साउथ जोन जोन में सोहना वाली मस्जिद, साउथ जोन में पटौदी मस्जिद प्रमुख है। इसके साथ ही गांव की छोटी-छोटी मस्जिद व ईदगाह शामिल हैं। पुलिस आयुक्त कला राम चन्द्रन ने इस दौरान सुरक्षा का प्लान तैयार किया है। नमाज के समय स्थानीय थाना प्रभारी के साथ एसीपी को भी लगाया गया है। जो भीड़ होने वाले स्थान पर नजर रखेंगे।
शांति पूर्वक हुई अलविदा जुमे की नमाज
शुक्रवार को अलविदा जुमे की नमाज शांति पूर्वक पढ़ी गई। शनिवार को ईद होने की संभावना की खुशी उनके चेहरे पर झलक रही थी। रमजान माह का आखिरी जुमा होने के कारण मस्जिदों में भीड़ दिखी। स्थानीय थाना प्रभारी की ओर से अपने क्षेत्र में होने वाले नमाज के स्थलों पर सुरक्षा बल तैनात रहे।