फरीदाबाद। सतयुग दर्शन विद्यालय में सोमवार को जिलास्तरीय विज्ञान निबंध प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इसमें फरीदाबाद जिले के लगभग 65 विद्यालयों के 425 विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। जिला शिक्षा अधिकारी के निर्देशन में आयोजित यह जिला स्तरीय विज्ञान निबंध प्रतियोगिता विद्यार्थियों की वैज्ञानिक दृष्टि का मापक बनी। शिक्षा विभाग ने निबंध लेखन प्रतियोगिता के लिए पांच विषय निर्धारित किए थे। इसमें कृत्रिम बुद्धिमत्ता के उपयोग की नैतिकता, अंतरिक्ष अन्वेषण का लाभ, डिजिटल गोपनीयता क्यों महत्वपूर्ण है, राष्ट्र के कार्यक्रम में विज्ञान, प्रौद्योगिकी व बाढ़ का प्रभाव और जटिलता शामिल थे। जिला विज्ञान विशेषज्ञ श्रीकृष्ण तथा जिला गणित विशेषज्ञ धर्मेंद्र अधाना की निगरानी व दिशा-निर्देशन में प्रतियोगिता को वैज्ञानिक गंभीरता के साथ सम्पन्न कराया गया। प्रतियोगिता में जूरी के रूप में पूजा, डाॅ. अशोक कुमार और मीनाक्षी तोमर उपस्थित रहे। इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य डॉ. अरुण कुमार शर्मा ने कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों के अंतर्मन में ज्ञान का दीप प्रज्वलित कर उनके भविष्य पथ को आलोकित करते हैं। संवाद