गुरुग्राम। प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना की समयावधि बढ़ाकर नवंबर तक कर दी गई है। इस योजना के बढ़ने से गरीब परिवारों को कोरोना संकट की इस घड़ी में बड़ी राहत मिली है।
जिला उपायुक्त डॉ. यश गर्ग ने बताया कि प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना को 5 महीने तक बढ़ा दिया गया है। पहले इस योजना के तहत अवधि जून तक थी। इस योजना के तहत सरकार द्वारा जिले में पीले, गुलाबी तथा खाकी राशन कार्ड धारकों को 5 किलोग्राम अतिरिक्त गेहूं प्रति सदस्य दिया जाएगा। हरियाणा सरकार द्वारा राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत एएवाई (गुलाबी कार्ड) बीपीएल (पीला कार्ड) व ओपीएच (खाकी कार्ड) धारकों को आटा, बाजरा, चीनी, नमक उनकी पात्रता के अनुसार उपलब्ध करवाया जाता है।
इस योजना में 5 रुपये किलो के हिसाब से 25 किलोग्राम प्रति राशन कार्ड आटा, एक रुपये प्रति किलो के हिसाब से 10 किलो प्रति राशन कार्ड बाजरा, 13.50 रुपये प्रति किलो के हिसाब से एक किलो प्रति राशन कार्ड चीनी, 4.50 रुपये प्रति किलोग्राम के हिसाब से एक किलोग्राम प्रति राशनकार्ड नमक दिया जाना है।