प्रबंध निदेशक ने ठोस कार्ययोजना तैयार करने के दिए निर्देश
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। दक्षिण एवं उत्तर हरियाणा बिजली वितरण निगमों में लंबित प्रोविजनल बिलिंग मामलों के निपटारे, खराब मीटरों को बदलने और उपभोक्ताओं की शिकायतों के त्वरित समाधान को लेकर प्रबंधन ने सख्त रुख अपनाया है। दोनों निगमों के प्रबंध निदेशक विक्रम सिंह ने अधिकारियों को चालू माह के दौरान अधिकतम प्रगति सुनिश्चित करने तथा लंबित मामलों के निपटारे के लिए ठोस कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए हैं।
मुख्यमंत्री की समीक्षा बैठक में बड़ी संख्या में लंबित प्रोविजनल बिलिंग मामलों पर गंभीरता से संज्ञान लिए जाने के बाद निगम प्रबंधन ने इन मामलों के शीघ्र समाधान को प्राथमिकता दी है। प्रबंध निदेशक ने सभी सर्कलों को निर्देश दिए हैं कि लंबित मामलों का विस्तृत विश्लेषण कर उन्हें नियमित बिलिंग व्यवस्था में लाने के लिए कार्ययोजना तैयार की जाए। इसमें खराब मीटरों को बदलने, लंबित मामलों के कारणों की पहचान करने और प्रत्येक मामले के समाधान के लिए आवश्यक कदम उठाने पर विशेष ध्यान दिया जाए। प्रबंध निदेशक ने गेट के सामने और सार्वजनिक आवागमन में बाधा उत्पन्न करने वाले स्थानों पर लगे खंभों को शिफ्ट करने के मामलों में भी तेजी लाने के निर्देश दिए हैं।
गुरुग्राम-फरीदाबाद में बिजली आपूर्ति शिकायतों का होगा विश्लेषण
प्रबंध निदेशक ने गुरुग्राम और फरीदाबाद में बिजली आपूर्ति बाधित होने से संबंधित बड़ी संख्या में मिल रही शिकायतों का विस्तृत विश्लेषण प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही, कॉल सेंटर पर उपभोक्ताओं की टेलीफोन कॉल अटेंड नहीं होने के मामलों की भी समीक्षा की जाएगी। अधिकारियों को शिकायतों के कारणों का पता लगाकर सुधारात्मक कदम उठाने को कहा गया है।
सोशल मीडिया पर शिकायतों का त्वरित जवाब देने के निर्देश
निगम प्रबंधन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर प्राप्त हो रही शिकायतों को भी गंभीरता से लिया है। अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि प्रत्येक शिकायत का समय पर संज्ञान लेकर त्वरित जवाब दिया जाए तथा जहां आवश्यक हो, संबंधित समस्या का समाधान भी सुनिश्चित किया जाए।