66 केवी का नया सब स्टेशन बनाने का काम शुरू
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। चंदू बुढेरा पेयजल संयंत्र में 66 केवी का नया सब स्टेशन बनाने का काम शुरू हो गया है। इसके बनने से संयंत्र में बिजली आपूर्ति बेहतर होगी। संयंत्र में अब तीन के बजाय चार यूनिट हो गई है। 5वीं यूनिट भी दिसंबर तक शुरू होने की उम्मीद है। ऐसे में बिजली की मांग बढ़ जाएगी।
गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण (जीएमडीए) के चंदू बुढेरा पेयजल संयंत्र में 100-100 एमएलडी क्षमता के तीन संयंत्र थे और इसके लिए 66 केवी का सब स्टेशन लगा हुआ है। तीन माह पहले 100 एमडीएल का नया संयंत्र शुरू हो गया है। ऐसे में अब बिजली की मांग बढ़ गई है। हालांकि जीएमडीए ने फाल्ट से बचने के लिए स्पेयर बे का इंतजाम कराया है। प्लांट में 100 एमएलडी क्षमता की चौथी यूनिट शुरू हो चुकी है। इसके अलावा पांचवीं यूनिट पर काम चल रहा है और इस साल के अंत तक पूरा करने का लक्ष्य है। जीएमडीए छठी यूनिट लगाने की तैयारी कर रहा है। ऐसे में नए संयंत्रों के लिए अलग से 66 केवी का सब स्टेशन निर्माण कराया जा रहा है। इस पर करीब 17.33 करोड़ रुपये खर्च होंगे। बारिश के कारण इसका निर्माण प्रभावित हुआ था। इलेक्ट्रिकल विंग के अनुसार नए सिस्टम से बिजली व्यवस्था बेहतर होगी और शहर में निर्बाध पानी की सप्लाई होगी।