गुरुग्राम में 66 केवी सब-स्टेशन के कंडक्टर टूटने के कारण शहर की बिजली आपूर्ति अस्त-व्यस्त हो गई। शनिवार शाम राष्ट्रीय राजमार्ग-8 क्रॉसिंग पर हरसरू–सेक्टर-35 सर्किट के 66 केवी कंडक्टर के टूटने से सेक्टर-35 स्थित 66 केवी सब-स्टेशन से होने वाली विद्युत आपूर्ति प्रभावित हो गई। इसके कारण गुरुग्राम के कई हिस्सों में बिजली कटौती हुई।
इस घटना से 11 केवी के कुल 10 इंडस्ट्रियल और इंडिपेंडेंट फीडर प्रभावित हुए। इनमें न्यू सेक्टर-35, न्यू शनि देव, सुपरॉन, सोना बीएलडब्ल्यू, आनंद एनवीएच, एचएसआईआईडीसी-1, एमएम एक्वा, एमटेक ऑटो, बम्बिनो एग्रो और एचएसआईआईडीसी-2 फीडर शामिल हैं।
इनमें से 11 केवी के दो इंडस्ट्रियल फीडर, न्यू सेक्टर-35 और न्यू शनि देव का लोड सेक्टर-34 सब-स्टेशन पर स्थानांतरित कर विद्युत आपूर्ति बहाल कर दी गई है। बिजली निगम के अधिकारियों के अनुसार, शेष छह इंडिपेंडेंट और दो इंडस्ट्रियल फीडरों का लोड तकनीकी कारणों से अन्य स्रोतों पर स्थानांतरित करना संभव नहीं है। इससे जुड़े क्षेत्रों में शनिवार रात तक बिजली आपूर्ति बाधित रही।
बादशाहपुर सर्किट पर तीन दिवसीय शटडाउन के चलते एचवीपीएन की मेंटेनेंस टीम निर्धारित रखरखाव कार्य कर रही है। इसके कारण वैकल्पिक विद्युत आपूर्ति उपलब्ध नहीं हो पा रही है।
दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम (डीएचबीवीएन) के खेड़की दौला सब-डिवीजन के अंतर्गत वर्तमान में एसपीआर रोड (अर्बन), बेगमपुर खटोला (अर्बन), सुजुकी (इंडिपेंडेंट) और लेंसकार्ट (इंडिपेंडेंट) फीडरों की बिजली आपूर्ति भी प्रभावित है।
बिजली निगम के अनुसार, डीएचबीवीएन की टीमें मौके पर लगातार काम कर रही हैं। विद्युत आपूर्ति जल्द बहाल करने के लिए एचवीपीएन और अन्य संबंधित एजेंसियों के साथ समन्वय स्थापित कर युद्धस्तर पर मरम्मत और बहाली का कार्य किया जा रहा है।
राष्ट्रीय राजमार्ग पर भारी यातायात के कारण मरम्मत कार्य चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में किया जा रहा है। निगम के अनुसार, प्रभावित फीडरों की विद्युत आपूर्ति बहाल होने में अभी कुछ समय लग सकता है। हालांकि, यह समय-सीमा मौके की परिस्थितियों तथा मरम्मत और स्विचिंग कार्य की प्रगति के अनुसार बदल सकती है। शहर के कई हिस्सों में शनिवार रात बिजली नहीं रही या बार-बार आती-जाती रही। सेक्टर-99 की ग्रुप हाउसिंग सोसायटियों में पूरी रात बिजली आपूर्ति ठप रही।