गुरुग्राम। गणतंत्र दिवस समारोह आज ताऊ देवीलाल स्टेडियम में धूमधाम से मनाया जाएगा। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि बिजली मंत्री रणजीत सिंह के अचानक कोरोना संक्रमित होने के कारण उनका कार्यक्रम रद्द हो गया है। अब उनके स्थान पर राज्य के शिक्षामंत्री मूलचंद्र शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में ध्वजारोहण कर मार्च पास्ट की सलामी लेंगे। मुख्य अतिथि समारोह से पहले जॉन हाल स्थित युद्ध स्मारक पर पुष्प चक्र चढ़ाकर शहीदों को श्रद्धासुमन अर्पित करेंगे। समारोह का सीधा प्रसारण यू-ट्यूब के लिंक https://youtu.be/mIPJw7Zm1fE पर क्लिक करके देखा जा सकेगा। आयोजन ‘महामारी अलर्ट-सुरक्षित हरियाणा‘ के तहत निर्धारित दिशानिर्देश के अनुसार होगा। दस वर्ष से कम आयु के बच्चे कार्यक्रम में प्रस्तुति नहीं देंगे। कार्यक्रम सुबह 10 बजे शुरू होगा, इसलिए मेहमान साढ़े नौ बजे स्थान ग्रहण कर लें।
जिला उपायुक्त डॉ. यश गर्ग ने बताया कि भीड़ कम रखने के लिए पीटी, डंबल व लेज्यिम शो की प्रस्तुति को रद्द किया गया है। परेड का नेतृत्व एसीपी सदर अमन यादव करेंगे। परेड में पुलिस की चार टुकड़ियां भाग ले रही हैं और चार ही सांस्कृतिक कार्यक्रम रखे गए हैं। विभिन्न क्षेत्रों में सराहनीय कार्य करने वाले अधिकारियों व कर्मचारियों के अलावा उत्कृष्ट स्वयंसेवी व निजी संस्थाओं को भी सम्मानित किया जाएगा। विभिन्न विभागों द्वारा सरकार की कल्याणकारी योजनाओं व उपलब्धियों पर आधारित झांकियां भी निकाली जाएंगी। आसपास के क्षेत्र में सफाई, कोविड प्रोटोकॉल की पालन, बैरिकेडिंग, परेड व सलामी दस्ता, ध्वजारोहण, राष्ट्रगान आदि की तैयारियां पूरी कर ली गईं हैं।