संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। पटेल नगर में घरों के ऊपर से गुजर रही बिजली की 66 केवी की बिजली लाइन को हटवाने के लिए सोमवार को बिजली विभाग के कार्यकारी अभियंता से मुलाकात की गई। पर्यावरण संरक्षण विभाग भाजपा हरियाणा प्रमुख नवीन गोयल सहित क्षेत्र के अन्य लोग कार्यकारी अभियंता अनिल मलिक से मिलने पहुंचे। उन्होंने बताया कि टेंडर खोल दिए गए हैं। जल्द ही लाइन हटवाने का कार्य शुरू किया जाएगा।
नवीन गोयल ने बताया कि पटेल नगर में घरों के ऊपर से हैवी विद्युत लाइनें गुजर रही थीं। कुछ लाइन तो उन्होंने मुख्यमंत्री मनोहर लाल और बिजली मंत्री रणजीत सिंह चौटाला से आग्रह करके हटवाई हैं। जिन घरों के ऊपर ये बिजली की लाइनें थी, वे लोग डर के साये में रहते थे। खतरे के कारण उनका अपने ही घरों की छतों पर जाना दूभर हो गया था। यहां से बिजली की तारों को हटवाने के लिए लोगों के आग्रह पर काम शुरू किया। लोगों के साथ लेकर भी और व्यक्ति तौर पर भी उन्होंने मुख्यमंत्री व बिजली मंत्री को इस समस्या के बारे में अवगत कराया। अब यहां 66 केवी की लाइन भी बची हुई है, जिसे हटाना जरूरी है। इसके लिए टेंडर खोले गए हैं। कार्यकारी अभियंता ने आश्वस्त किया है कि जैसे ही टेंडर आवंटित होगा, वैसे ही इस लाइन को हटाने का काम शुरू हो जाएगा। इस अवसर पर बीर सिंह यादव, रामपाल शर्मा, राकेश गुप्ता, उमेश सिंह, अशोक कुमार, विजय तिवारी, अनिल सहित अन्य लोग मौजूद रहे।