संवाद न्यूज एजेंसी
ग्रेटर नोएडा। ग्रेनो वेस्ट स्थित न्यूटेक ला पालेशिया सोसाइटी में लगातार बिजली कटौती से लोग परेशान हैं।सोसाइटी में पर्याप्त बिजली लोड की व्यवस्था न होने के कारण रोजाना आधी सोसाइटी की बिजली गुल हो जाती है। कई बार शिकायत के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हो सका है ।
सोसाइटी निवासी सोमेश्वर मिश्रा ने बताया कि परिसर में 200 से अधिक परिवार रहते हैं और गर्मी बढ़ने के साथ बिजली संकट भी गहराता जा रहा है। रात में हर रोज तीन से चार घंटे बिजली आपूर्ति बाधित रहती है, जिससे लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि पर्याप्त लोड न होने के कारण कई फ्लैटों तक बिजली सही तरीके से नहीं पहुंच पा रही। सभी घरों तक बिजली पहुंचाने के लिए डीजल जनरेटर (डीजी) का सहारा लेना पड़ता है। इसके लिए निवासियों से अतिरिक्त शुल्क भी वसूला जा रहा है, जिससे लोगों पर आर्थिक बोझ बढ़ जा रहा है।
लोगों का कहना है कि बार-बार शिकायत करने के बावजूद केवल आश्वासन दिए जा रहा है, लेकिन बिजली कटौती की समस्या का समाधान नहीं हो रहा। बिजली संकट के कारण बच्चों की पढ़ाई, बुजुर्गों की सुविधा और रोजमर्रा के काम प्रभावित हो रहे हैं। निवासियों ने प्रशासन से जल्द हस्तक्षेप कर स्थायी समाधान कराने की मांग की है।