नगर निगम गुरुग्राम को हो रहा आर्थिक नुकसान, शहर की सुंदरता भी हो रही खराब
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। शहर की सड़कों पर स्ट्रीट लाइट और बिजली के खंभे मुफ्त में अपना प्रचार करवाने वालों के लिए साधन साबित हो रहे हैं। सड़कों पर जहां खंभे दिखते हैं, लोग वहीं अपना पोस्टर या होर्डिंग टांग देते हैं। शहर की सभी सड़कों पर पीजी व कमरों संबंधी, कोचिंग सेंटर, कंपनियों में जॉब, आरओ पानी, ज्वेलर्स व इलेक्ट्रॉनिक्स सामान सहित अन्य शैक्षिक संस्थानों के पोस्टर व होर्डिंग लगे हैं। इससे न सिर्फ नगर निगम गुरुग्राम को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है, बल्कि इससे शहर की सुंदरता भी खराब हो रही है। इन अवैध रूप से लटकाए जा रहे पोस्टर व बैनर मामले में निगम के अधिकारी मौन हैं।
नगर निगम गुरुग्राम ने प्रचार व बधाई संदेश आदि के होर्डिंग लगाने के लिए शहर में जगह सुनिश्चित की गई हैं। कोई व्यक्ति इन निर्धारित जगहों पर होर्डिंग लगाता है तो इसके एवज में निगम में निर्धारित फीस भुगतान करना होता है। मगर रुपये बचाने के लिए मुफ्तखोर सड़कों पर स्ट्रीट लाइट और बिजली के खंभों पर पोस्टर-बैनर लगाने के हथकंडे अपनाते हैं। आए दिन किसी जनप्रतिनिधि के जन्मदिवस, आगमन, स्वागत व बधाई संदेश का बैनर व पोस्टर लगे रहते हैं। शहर में मुख्य मार्ग सहित प्रमुख कॉलोनी व चौकों पर यह पोस्टर लगे हुए हैं। इसके बाद भी नगर निगम गुरुग्राम इन पर कोई कार्रवाई नहीं कर रहा है।
शहर के अधिकांश खंभों पर बिना अनुमति के विज्ञापन के कट आउट, बैनर व बोर्ड आदि देखे जा सकते हैं। इसी तरह सार्वजनिक स्थलों पर भी बिना अनुमति के विज्ञापन पोस्टर आदि लगे हुए हैं। सरकारी पोल पर प्रचार बोर्ड लगाना अवैध है, लेकिन शहर में खुलेआम प्रशासन के सामने नियमों की अवहेलना की जा रही है। नगर निगम के अधिकारी इस ओर कोई ध्यान नहीं दे रहे, जिससे राजस्व का नुकसान हो रहा है। इस बारे में नगर निगम गुरुग्राम के सहायक अभियंता दलीप यादव से बात की गई तो उन्होंने कोई संतोषजनक जवाब नहीं दिया और यह कहते हुए पल्ला झाड़ लिया कि इस बारे में वे कुछ नहीं कह सकते।
काफी नीचे लगा दिए जाते हैं पोस्टर-बैनर
सड़क के डिवाइडर पर लगे स्ट्रीट लाइट पोल और बिजली के खंभों पर कई स्थानों पर तो बोर्ड इतनी नीचे लगा दिए हैं कि तेज हवा से नीचे की ओर लटक जाते हैं। इन पोस्टर व बैनर से लोगों के सिर टकराते हैं। वहीं सड़क किनारे होने पर राहगीरों व वाहन चालकों भी कई बार इससे टकरा जाते हैं। इससे वह हादसे का शिकार होते हैं, वह चोटिल भी हो जाते हैं। सड़कों के बीच स्ट्रीट पोल पर लगे पोस्टर-बैनर हवा चलने पर बसों, ट्रकों, कैंटर, डंपर आदि वाहनों के शीशों से टकरा जाते हैं। इससे भी दुर्घटना होने का खतरा रहता है।