पात्र परिवारों को मात्र 1.50 लाख रुपये में फ्लैट मिलेंगे
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। मुख्यमंत्री शहरी आवास योजना के तहत आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के पात्र परिवारों को किफायती दर पर फ्लैट उपलब्ध कराने के लिए बुकिंग पोर्टल 25 फरवरी तक फिर से खोल दिया है। योजना के अंतर्गत पात्र परिवारों को मात्र 1.50 लाख रुपये में फ्लैट मिलेंगे। एडीसी और नोडल अधिकारी सोनू भट्ट ने बताया कि निगम क्षेत्र से प्राप्त 12,384 आवेदनों में से प्रथम चरण की जांच में 4,728 आवेदन पात्र पाए गए हैं और केवल यही आवेदक बुकिंग प्रक्रिया में भाग ले सकेंगे।
उन्होंने कहा कि पात्र आवेदकों को 25 फरवरी तक 10,000 रुपये की बुकिंग राशि और निर्धारित एफिडेविट जमा करवाना अनिवार्य है, अन्यथा आवेदन निरस्त माना जाएगा। बुकिंग के बाद दूसरे चरण का सत्यापन होगा और अंतिम रूप से पात्र पाए गए लाभार्थियों को ड्रा प्रक्रिया में शामिल किया जाएगा। ड्रा में चयनित लाभार्थियों को शेष 1.40 लाख रुपये जमा कराने होंगे, जबकि चयन न होने पर बुकिंग राशि वापस कर दी जाएगी।
योजना के तहत नगर और ग्राम आयोजना विभाग से लाइसेंस प्राप्त कॉलोनियों में आरक्षित फ्लैट पारदर्शी प्रक्रिया से आवंटित किए जाएंगे। इससे संबंधित अधिक जानकारी के लिए आवेदक हाउसिंग फॉर ऑल विभाग, हरियाणा की वेबसाइट पर जा सकते हैं।