संवाद न्यूज एजेंसी
पलवल। हरियाणा सरकार की स्वास्थ्य मंत्री और गुरुग्राम से सांसद राव इंद्रजीत सिंह की बेटी आरती सिंह राव अपने उस बयान से पीछे हटती नजर आईं, जिसमें उन्होंने कहा था कि “हरियाणा में किसी ने नहीं सोचा था कि भाजपा सरकार आएगी, लेकिन हमने हवा बनाई और सरकार आ गई।” मंत्री के इस बयान ने प्रदेश में बीजेपी के भीतर ही हलचल मचा दी थी।
आपको बता दें कि बृहस्पतिवार को लघु सचिवालय सभागार में आयोजित जिला ग्रीवेंस कमेटी की बैठक में शिकायतें सुनने पहुंचीं मंत्री आरती राव से जब मीडिया ने उनके हवा बनाने वाले बयान पर सवाल किया, तो उन्होंने जवाब में कहा अगर मैंने कहा है कि दक्षिण हरियाणा के नेताओं और लोगों ने चुनाव में माहौल बनाया, तो इसमें कोई दो राय नहीं है। सरकार बनाने में इस क्षेत्र का बड़ा योगदान रहा है। हालांकि जब मीडिया ने दोबारा पूछा कि अगर यह ‘हवा’ न बनाई जाती तो क्या भाजपा सरकार न आती, तो मंत्री थोड़ा असहज नजर आईं और कहा आप लोग मुझसे जो बुलवाना चाहते हैं, मैं वो नहीं कहने वाली।