एक पुलिसकर्मी की कलाई को दांतों से काटा, पत्थर लगने से पुलिसकर्मी घायल
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। सोहना स्थित नट कॉलोनी में मोबाइल चोरी मामले में आरोपी को ढूंढ़ने गई पुलिस टीम पर घोषित अपराधी ने हमला कर दिया। आरोप है कि आरोपी ने पुलिसकर्मियों पर पत्थरों से हमला करने के साथ ही उनकी वर्दी फाड़ दी व एक सिपाही की कलाई पर दांतों से काट भी लिया। वहीं, आरोपी द्वारा किए गए पत्थर के हमले से एक सिपाही घायल हो गया। पुलिस टीम ने आरोपी को मौके पर ही दबोच लिया। पुलिसकर्मी की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ सोहना सिटी थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है।
पुलिस के अनुसार एएसआई सतबीर व सिपाही बजरंग सरकारी गाड़ी से रात की गश्त पर थे। इसी दौरान उन्हें ईआरवी-241 से सूचना मिली कि अंबेडकर चौक के पास एक गाड़ी से रुपये व मोबाइल चोरी हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर वहां लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज खंगाली। फुटेज में एक युवक चोरी करता हुआ साफ दिखाई दिया। जब आसपास के लोगों को फुटेज दिखाई गई, तो उसकी पहचान नट कॉलोनी वार्ड-12 निवासी साहिल उर्फ लुक्का के रूप में हुई। आरोपी साहिल थाना शहर सोहना का घोषित अपराधी भी है।
आरोपी से पूछताछ के लिए एएसआई सतबीर, सिपाही अनिल व सिपाही बजरंग के साथ नट कॉलोनी स्थित उसकी झुग्गी पर पहुंचे। चालक सिपाही बजरंग को गाड़ी के साथ सड़क पर ही छोड़ दिया गया। आराेप है कि एएसआई सतबीर व सिपाही अनिल झुग्गी के पास पहुंचे तो साहिल उर्फ लुक्का ने पुलिस को देखते ही बाहर आकर हमला कर दिया। साहिल उर्फ लुक्का ने सिपाही अनिल के दांये हाथ की कलाई पर काट खाया। इसके बाद उसने वहां पड़े पत्थर पुलिसकर्मियों पर फेंकना शुरू कर दिया। इस हमले में एएसआई सतबीर व सिपाही अनिल को चोटें आईं। आरोपी ने एएसआई के मुंह पर मुक्का मारा व दोनों पुलिसकर्मियों की सरकारी वर्दी भी फाड़ दी। घायल होने के बावजूद दोनों पुलिसकर्मियों ने साहिल उर्फ लुक्का को काबू कर लिया।
आरोपी साहिल उर्फ लुक्का को मंगलवार को अदालत में पेश करके न्यायिक हिरासत में भोंडसी जेल भेज दिया है। मामले में आगामी कार्रवाई की जा रही है। - त्रिलोक चंद, जांच अधिकारी, सोहना सिटी थाना।