सेक्टर-93 पुलिस चौकी में एचकेआरएन के तहत करता था नौकरी
पुलिस ने ट्रक को किया जब्त, शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपा
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। पुलिस चौकी सेक्टर-93 में एचकेआरएन के तहत रसोइया (कुक) की नौकरी करने वाले युवक को शनिवार की सुबह ट्रक ने टक्कर मार दी। हादसे में गंभीर रूप से घायल रसोइया की मौके पर मौत हो गई। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में ले लिया है। वहीं, पुलिस ने शव को मोर्चरी में पहुंचाया है। अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ सेक्टर-10 थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है।
मृतक की पहचान पलवल के हसनपुर गांव निवासी धर्मबीर के रूप में हुई है। वह हरियाणा कौशल रोजगार योजना (एचकेआरएन) के तहत के तहत पुलिस चौकी सेक्टर-93 में खाना बनाने वाले रसोइया (कुक) की नौकरी करता था। धर्मबीर शनिवार की सुबह करीब 7 बजे सामान लेने के लिए पुलिस चौकी सेक्टर-93 से हयातपुर अड्डा पर गया था। वापस आते समय करीब 7.30 बजे विशाल मेगामार्ट के पास एक ट्रक चालक ने लापरवाही व तेज रफ्तार से वाहन चलाते हुए टक्कर मार दी। ट्रक की टक्कर लगने से धर्मबीर गंभीर रूप से घायल हो गया और मौके पर ही मौत हो गई।
शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। धर्मबीर को टक्कर मारने वाले ट्रक को जब्त कर लिया गया है। जल्द ही ट्रक चालक को गिरफ्तार करके आगामी कार्रवाई की जाएगी। - जगदीश चंद्र, एएसआई, जांच अधिकारी