गुरुग्राम। स्थानीय गोयल ट्रंक फैक्ट्री के सामने से हुई दो लाख रुपये की लूट के मामले में घटना के 18 घंटे बीत जाने के बावजूद पुलिस के हाथ खाली हैं। मामले में शामिल आरोपियों तक पहुंचने के लिए सोमवार को दिन भर सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालती रही। वहीं फैक्ट्री के मालिक रमेश कुमार गोयल ने अज्ञात युवकों के खिलाफ मामला दर्ज करा दिया है।
रविवार देर शाम गोयल ट्रंक फैक्ट्री के मालिक अपनी दुकान बंद करके जाने की तैयारी कर रहे थे। उन्होंने 2 लाख रुपये से भरा बैग स्कूटर पर रख दिया था और शटर बंद कर रहे थे। इसी दौरा न बाइक सवार दो अज्ञात युवक रुपये से भरे बैग को उठाकर फरार हो गए। बदमाशों के भागने के दौरान फैक्ट्री पर काम करने वाले कर्मचारी मोबिन ने उन दोनों का पीछा किया तो आरोपियों ने कर्मचारी के दाहिने पांव पर गोली चला दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।