गुरुग्राम। सेक्टर-5 थाना क्षेत्र के सीआरपीएफ चौक के पास मिले सात वर्षीय गुमशुदा बच्चे को पुलिस ने सकुशल उसके परिजनों से मिला दिया। बच्चे के मिलने की सूचना पर मिसिंग पर्सन सेल पश्चिम की टीम मौके पर पहुंची और उसे अपने साथ लेकर आसपास के क्षेत्र में पूछताछ शुरू की। पुलिस टीम ने काफी प्रयास के बाद बच्चे के पिता चांद के बारे में जानकारी जुटाई। वह दिल्ली के द्वारका मोड़ क्षेत्र में रहते हैं। इसके बाद पुलिस ने आवश्यक पूछताछ और कानूनी प्रक्रिया पूरी कर बच्चे को सुरक्षित उसके पिता के सुपुर्द कर दिया। गुरुग्राम पुलिस ने अभिभावकों से अपील की है कि छोटे बच्चों का विशेष ध्यान रखें और उनकी लगातार निगरानी करते रहें। यदि कोई बच्चा भटका हुआ या गुम मिलता है तो तुरंत नजदीकी पुलिस थाना, चौकी या डायल-112 पर सूचना दें। संवाद