- युवा 15 सितंबर तक ले सकेंगे हिस्सा, सफल प्रतिभागियों को मिलेगा डिजिटल प्रमाण पत्र
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। संस्कृति मंत्रालय, भारत सरकार की ओर से विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस के अवसर पर राष्ट्रीय ऑनलाइन प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता शुरू की गई है। माईगव के सहयोग से आयोजित यह प्रतियोगिता शनिवार से शुरू होकर 15 सितंबर तक चलेगी। इसमें युवा, स्कूली विद्यार्थी, कॉलेज छात्र और आम नागरिक भाग ले सकते हैं।
उपायुक्त उत्तम सिंह ने जिले के लोगों से इस राष्ट्रीय पहल में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने की अपील की है। उन्होंने कहा कि यह केवल प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता नहीं, बल्कि देश के इतिहास के महत्वपूर्ण अध्याय को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का प्रयास है। भारत विभाजन के दौरान लाखों लोगों ने कठिन परिस्थितियों का सामना किया था। उनके संघर्ष, त्याग और राष्ट्रीय एकता के महत्व को समझना जरूरी है। उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता पूरी तरह निशुल्क है और सभी भारतीय नागरिक इसमें हिस्सा ले सकते हैं। सफलतापूर्वक भाग लेने वाले प्रतिभागियों को माईगव की ओर से डिजिटल प्रमाण पत्र भी प्रदान किया जाएगा। इच्छुक प्रतिभागी माईगव के ऑनलाइन प्रश्नोत्तरी मंच पर पंजीकरण कर प्रतियोगिता में शामिल हो सकते हैं। उपायुक्त ने जिले के सभी सरकारी और निजी विद्यालयों, महाविद्यालयों व उच्च शिक्षण संस्थानों से विद्यार्थियों की अधिकतम भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। संस्थानों को प्रार्थना सभा, सूचना पट्ट और डिजिटल माध्यमों से विद्यार्थियों को प्रतियोगिता की जानकारी देने को कहा गया है।