गुरुग्राम। मारुति कंपनी में काम करने वाले टेक्नीशियन के बाइक सवार भाई को 14 दिन पहले अज्ञात वाहन ने दिल्ली जयपुर हाईवे पर नरसिंहपुर के पास फ्लाई ओवर पर टक्कर मार दी थी। घटना में घायल युवक अब भी निजी अस्पताल में उपचाराधीन है। कोमा में होने के कारण उसका बयान दर्ज नहीं हुआ है। उधर, मानेसर की एक्सीडेंट रिस्पांस टीम ने तकनीकी जांच के आधार पर आरोपी चालक को गिरफ्तार किया है। आरोपी को पकड़ने के लिए पुलिस ने काफी होमवर्क किया। सीसीटीवी फुटेज में कैंटर पर दिखे ब्रेड कंपनी के विज्ञापन के जरिए पुलिस आरोपी तक पहुंचने में सफल रही। डीसीपी मानेसर वरुण सिंगला ने मामले की जांच करने वाली टीम को सम्मानित करने की घोषणा की है।
हाईवे पर हुई वाहन दुर्घटना की जांच कर रही एक्सीडेंट रिस्पांस टीम के प्रभारी यशपाल, कैंटर की फुटेज में दिखे विज्ञापन को सर्च कर सेक्टर-56 पहुंचे। वहां पता चला कि यह कंपनी तीन साल पहले यहां से जा चुकी है। उसके बाद एक टेलीफोन नंबर के आधार पर वाटिका सिटी पहुंचे तो पता चला कि जिस बुजुर्ग के घर का वह नंबर था, वे उसका रिसीवर हटाकर रखते हैं। बुजुर्ग का कहना था कि जब वह रिसीवर रख देते हैं तो उनके पास ब्रेड के लिए ऑर्डर आने लगते हैं।
इसके बाद पुलिस ने पता लगाया कि एमजी रोड से लेकर फर्रुखनगर व पटौदी के बीच कहां-कहां पर ब्रेड की सप्लाई होती है। उस तरह के कई कैंटर होने से पुलिस को परेशानी आई। टाइमिंग के हिसाब से निकलने वाले कैंटर को पुलिस ने झाड़सा के पास से पकड़ा। इसके बाद पुलिस ने गया बिहार के रहने वाले मुकेश सिंह को गिरफ्तार कर सेक्टर-37 थाना पुलिस को सौंपा।
वर्जन
सड़क दुर्घटना में घायल होने वाला युवक अभी कोमा में है। पुलिस टीम ने तकनीकी रूप से जांच कर आरोपी को दबोचा है। टीम को सम्मानित करने के लिए पुलिस आयुक्त को पत्र लिखा जाएगा।
वरुण सिंगला, डीसीपी मानेसर