हथीन थाना क्षेत्र में मंगलवार को नगर पालिका के सफाई दरोगा की बाइक का चालान काटे जाने पर सफाई कर्मचारियों ने नाराजगी जाहिर की। मोटर व्हीकल एक्ट के तहत दरोगा की बाइक पर 22,000 का चालान काटा गया था। चालान से खफा सफाई कर्मचारियों ने कड़ा विरोध जताते हुए एक ट्रैक्टर भरकर कूड़ा थाना गेट के सामने फेंक दिया। स्थानीय लोगों और थाना में आने-जाने वाले व्यक्तियों ने जब थाने के सामने फैले कूड़े की सूचना थाना प्रभारी हरिकिशन को दी, तो उन्होंने स्टाफ से पूरी जानकारी ली। जांच में सामने आया कि कुछ सफाई कर्मचारी ट्रैक्टर से कूड़ा लेकर आए थे और जानबूझकर थाने के मुख्य द्वार के सामने खाली कर गए। असिस्टेंट सब-इंस्पेक्टर द्वारा जब इस पर आपत्ति जताई गई तो सफाई कर्मचारियों ने कहा कि वे जल्द ही कूड़ा हटा लेंगे। पुलिस के पास उन कर्मचारियों की तस्वीरें भी हैं जो मौके पर मौजूद थे। थाना प्रभारी हरिकिशन ने सिटी चौकी प्रभारी मनोज कुमार को मामले में आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
बुधवार को हड़ताल पर जा सकते हैं सफाई कर्मचारी
नगर पालिका के सफाई कर्मचारी दरोगा का पुलिस द्वारा चालान काटे जाने के मामले ने तूल पकड़ लिया है। अभी तक थाना के मुख्य गेट के सामने डाला गया कुडा नही उठ पाया है। पुलिस एवं नगर पालिका स्टाफ के मध्य गतिरोध की स्थिति बन गई है। नगर पालिका चेयरपर्सन रेणु लता के पति एवं पूर्व चेयरमैन सुमित राजपूत खुलकर सफाई कर्मचारियों के पक्ष में आ गए हैं। उन्होंने सफाई कर्मचारियों का पक्ष लेते हुए कहा कि पुलिस स्टाफ अकारण चालान कर लोगों को परेशान कर रहा है। उन्होंने कहा कि दरोगा सरकारी कार्य से गया था, ऐसे में 22,000 का चालान अनुचित है। उनका कहना है कि पुलिस को नियम तोड़ने वालों के खिलाफ कार्यवाही करनी चाहिए, लेकिन आम लोगों के साथ दोस्ताना रवैया भी बनाए रखना चाहिए। उन्होंने कहा कि पालिका कर्मचारी बिना भेदभाव सफाई कर रहे हैं, ऐसे में पुलिस का रवैया सहयोगात्मक होना चाहिए। उन्होंने बताया कि इस विषय में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी को भी अवगत कराकर कर्मचारियों को इंसाफ दिलाया जाएगा। बुधवार को सफाई कर्मचारी हड़ताल पर भी जा सकते हैं।