गुरुग्राम/पटौदी। मानेसर एरिया से देर रात एसयूवी स्कॉर्पियो छीनकर भाग रहे दो बदमाशों को पुलिस ने घेरा तो उन्होंने पुलिस की गाड़ी को सीधी टक्कर मार दी। जवाब में पुलिसकर्मियों ने बदमाशों पर दो फायर किए। इसके बाद बदमाश गाड़ी छोड़कर पैदल फरार हो गए। एसीपी (क्राइम) प्रीतपाल सांगवान ने बताया कि सीआईए की दो टीमें बदमाशों की तलाश में लगी हैं।
पुलिस के मुताबिक, सोमवार देर रात अलियर चौक पर दो बदमाशों ने बंदूक दिखा हिसार निवासी कारोबारी विनोद सहारन की गाड़ी छीन ली। इसमें जीपीआरएस होने के कारण पुलिस को लोकेशन बांसलांबी गांव के पास मिली। सीआईए मानेसर की टीम बदमाशों का पीछा करते हुए पटौदी के पास पहुंची। यहां डीपीएस के पास सूमो सवार सीआईए की यूनिट ने बदमाशों की तलाश शुरू की। रात करीब डेढ़ बजे सामने से स्कॉर्पियो आती दिखी तो एएसआई संदीप ने रोकने का इशारा किया। बदमाशों ने पुलिस की गाड़ी को सामने से जोरदार टक्कर मारी। इससे पुलिस की गाड़ी 20 मीटर पीछे चली गई। बदमाशों ने हथियार निकालकर पुलिसकर्मियों को गोली मारने की धमकी दी तो संदीप ने रिवॉल्वर निकालकर दो गोलियां चलाईं। एक गोली जमीन पर तो दूसरी स्कॉर्पियो के बोनट पर लगी। खुद को घिरता देखकर बदमाश गाड़ी छोड़कर खेतों की तरफ पैदल फरार हो गए। गाड़ी के दरवाजे जाम होने के कारण पुलिस बदमाशों का पीछा नहीं कर पाई। पटौदी थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है।