फॉलोअप - आरोपी की निशानदेही पर गोवा से जब्त किए मामले से जुड़े दस्तावेज
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। करोड़ों की ठगी के मामले में गिरफ्तार 32 एवेन्यू के निदेशक ध्रुव दत्त शर्मा को आर्थिक अपराध शाखा-2 की टीम गोवा में जांच के बाद वापस गुरुग्राम आ चुकी है। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने मामले से जुड़े महत्वपूर्ण दस्तावेज गोवा से जब्त करके कब्जे में लिए हैं और बैंक खातों संबंधी जानकारी जुटाई जा रही है। सभी दस्तावेज को भी जांच प्रक्रिया में शामिल किया गया है।
पुलिस ने आरोपी को छह दिन के रिमांड पर लेकर पूछताछ के साथ ही मामले में जुड़े लोगों, प्रॉपर्टी व दस्तावेज के बारे में जानकारी ले रही है। ध्रुव दत्त शर्मा की निशानदेही पर आर्थिक अपराध शाखा-2 की पुलिस ने गोवा में उसके फार्महाउस में छापा मारा गया। जांच के दौरान पता चला है कि ठगी के रुपयों से आरोपी ध्रुव दत्त शर्मा गोवा एयरपोर्ट के पास सैकड़ों एकड़ जमीन खरीदी थी। पुलिस ने गोवा से बरामद दस्तावेज के बारे में जांच शुरू की है।
मामले में संलिप्त कई लोगोंं के नाम सामने आए हैं, जिसके बारे में रिकॉर्ड खंगाला जा रहा है। ध्रुव दत्त शर्मा ने बैंक खातों को डिटेल खंगाली जा रही है कि उनके पास किन लोगों से रुपयों का लेनदेन हुआ है। संदिग्ध लेनदेन होने की आर्थिक अपराध शाखा-2 की पुलिस द्वारा गहनता से जांच की जा रही है। इससे जुड़े लोगों भी पुलिस पूछताछ करेगी। आरोप है कि निदेशक ध्रुव दत्त शर्मा ने पिछले चार साल के दौरान एक ही प्रॉपर्टी को 100 से अधिक लोगों को बेचकर करीब 500 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी की थी।
मामले से जुड़े सभी दस्तावेज, बैंक खाते व लेनदेन के बारे में गहनता से जांच की जा रही है। गोवा से कई महत्वपूर्ण दस्तावेज व जानकारी मिली हैं, जिसके आधार पर आगामी कार्रवाई की जा रही है। मामले में कई अन्य लोगों से भी पूछताछ की जाएगी। जल्द ही संबंधित लोगों को जांच में शामिल होने के नोटिस भेजे जाएंगे।
- हरेंद्र, एसआई व जांच अधिकारी, आर्थिक अपराध शाखा-2 गुरुग्राम।