घटना रविवार को गुरुग्राम के गोल्फ कोर्स रोड पर हुई थी। बाइक राइडर सिया अन्य बाइकर्स के साथ अपनी अप्रिलिया आरएस 457 स्पोर्ट्स बाइक चला रही थीं। आरोप है कि इसी दौरान एक कार उनका पीछा करने लगी थी। बाद में इसी कार ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी थी। बाइक राइडर सिया ने अपने वीडियो में इस घटना को जानबूझकर की गई कार्रवाई बताया है।
गोल्फ कोर्स रोड पर एक महिला बाइकर को कार सवार युवक ने टक्कर मारकर घायल कर दिया। हादसे में स्पोर्ट्स बाइक कई मीटर दूर तक घिसटती चली गई। टक्कर मारने के बाद कार चालक फरार हो गया था। पुलिस ने वायरल वीडियो के आधार पर सोमवार को प्राथमिकी दर्ज की। अब पुलिस ने आरोपी को राजस्थान से हिरासत में लिया है।
आरोपी कल्याण बैंसला ने मानी गलती
सोमवार को आरोपी कल्याण बैंसला ने अपनी गलती स्वीकार की थी। हालांकि, उसने जानबूझकर टक्कर मारने के आरोप से इनकार किया था। बैंसला ने खुद को अंतरराष्ट्रीय कबड्डी खिलाड़ी और जिम संचालक बताया था। उसने कहा था कि यू-टर्न के पास कार से उसका नियंत्रण खो गया था।
बैंसला ने यह भी दावा किया कि उसे डर था कि बाइक सवारों का समूह उसे और उसके परिवार को पीट सकता है। इसी डर के कारण वह घटनास्थल से चला गया था। विवाद बढ़ने के बाद आरोपी ने अपना इंस्टाग्राम अकाउंट भी बंद कर दिया था। उसका यह बयान सिया के आरोपों से बिल्कुल अलग है।
सिया ने कल्याण पर लगाए आरोप
सिया ने अपने नए इंस्टाग्राम वीडियो में आरोपी कार चालक कल्याण बैंसला पर गंभीर आरोप लगाए हैं। सिया ने आरोप लगाया कि 'तुम कह रहे हो कि मैं बार-बार स्पीड बढ़ा-घटा रही थी और तुम्हें पिंच कर रही थी। वीडियो साफ दिखाता है कि कौन किसे परेशान कर रहा था। स्पीड बदलने से तुम्हें पूरा रास्ता पीछा करने का हक नहीं मिल जाता। तुम कह रहे हो कि तुम्हें पता भी नहीं था कि लड़की चला रही है। ये संभव नहीं। मेरे बाल लंबे हैं, चोटी बंधी हुई है। तुम पास आए, इशारे किए और बाइक रोकने को कहा।
सिया ने आरोपी कल्याण बैंसला के मीडिया को दिए बयान का जवाब देते हुए कहा कि यदि आपको घटना का पछतावा था तो वह टक्कर मारने के बाद मौके पर क्यों नहीं रुका था? सिया ने पूछा कि 'अगर आपको मेरे लिए दुख हो रहा था तो आप कार से टक्कर मारने के बाद रुके क्यों नहीं? भाग क्यों गए? सिया ने वीडियो में आगे कहा कि मेरी हड्डियां टूट सकती थीं, मेरी जान जा सकती थी।' सिया ने इस बात पर जोर दिया कि हादसे के बाद मौके से भाग जाना घटना को और अधिक गंभीर बनाता है। उन्होंने कहा कि ऐसे लोगों की वजह से महिलाओं को दिल्ली-गुरुग्राम की सड़कों पर असुरक्षित महसूस होता है।
आरोपी पर जानबूझकर टक्कर मारने का आरोप
सिया ने आरोपी से सवाल किया कि क्या हिट एंड रन जैसे मामले में सामने आए दो वीडियो भी पर्याप्त सबूत नहीं हैं। उन्होंने दावा किया कि घटना पूरी तरह से कैमरे में रिकॉर्ड हुई है। वीडियो में साफ दिख रहा है कि कार उनकी बाइक को टक्कर मारती है और चालक मौके से भाग जाता है। सिया ने यह भी आरोप लगाया कि उन्हें महिला बाइकर देखकर निशाना बनाया गया था। कार चालक ने उन्हें जानबूझकर रोकने की कोशिश की थी।