गुरुग्राम। किसानों की दिल्ली-जयपुर हाइवे जाम करने की चेतावनी के मद्देनजर रविवार को दिन भर गुरुग्राम पुलिस अलर्ट पर रही। खेड़कीदौला टोल, सरहौल बॉर्डर व एमजी रोड स्थित दिल्ली-गुरुग्राम बॉर्डर पर भारी संख्या में पुलिसकर्मी तैनात रहे। इस दौरान सभी वाहनों को सघन जांच के बाद ही दिल्ली की सीमा में प्रवेश दिया गया। वहीं बड़े वाहनों व ट्रैक्टर ट्रॉलियों पर विशेष नजर रखी गई।
दिल्ली-गुरुग्राम सीमा पुलिस का कड़ा पहरा रहा लेकिन राहत की बात यह रही कि रविवार को भी जिले में किसानों का कोई जत्था नहीं पहुंच सका और यातायात व्यवस्था बिल्कुल सामान्य रही। दिल्ली की तरफ से आने वाले वाहन तो फर्राटा भरते नजर आए। हालांकि, किसानों के दिल्ली में प्रवेश की आशंका को देखते हुए हर एक संदिग्ध वाहन की सघन जांच के बाद ही दिल्ली की सीमा में प्रवेश दिया गया। बड़े वाहनों व ट्रैक्टर ट्रॉलियों को रोककर उसमें बैठे लोगों की पूरी जानकारी लेने के बाद ही जाने दिया गया।
पंजाब नंबर के वाहनों पर विशेष नजर
खेड़कीदौला टोल प्लाजा पर शनिवार को पंजाब से आया किसानों का एक जत्था पहुंच गया था। इसको देखते हुए रविवार को पुलिसबल ने पंजाब की ओर से आने वाले वाहनों पर विशेष नजर रखी। हालांकि यहां पर यातायात व्यवस्था सामान्य रही, लेकिन एहतियातन 50 से ज्यादा पुलिसकर्मी तैनात रहे। यही स्थिति सरहौल बॉर्डर पर भी रही, जहां 100-125 पुलिसकर्मी दिन-रात पहरा दे रहे हैं।
एसीपी-डीसीपी स्तर के अधिकारी कर रहे गश्त
किसानों के आंदोलन को देखते हुए न सिर्फ सामान्य पुलिसकर्मी मुस्तैदी से पहरा दे रहे हैं बल्कि एसीपी व डीसीपी के आला अधिकारी भी अपने-अपने इलाकों में लगातार गश्त लेकर स्थिति का जायजा ले रहे हैं। इस बीच जिले के अंदरूनी हिस्सों व शहर के अंदर से पुलिसकर्मियों की संख्या को कम किया गया है। झाड़सा रोड पर रिलायंस फ्रेश के सामने आम तौर पर पुलिस की बैरिकेडिंग लगी रहती थी लेकिन फिलहाल उसे हटा लिया गया है। इसी तरह अन्य इलाकों से भी पुलिसकर्मियों को हटाकर सीमावर्ती इलाकों व प्रमुख चौक चौराहों पर तैनात किया गया है।