पीएम-स्वनिधि जन-कल्याण शिविर में 250 लाभार्थियों ने लिया हिस्सा
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। नगर निगम गुरुग्राम की मेयर राजरानी मल्होत्रा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पिछले 12 वर्षों में केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं ने लोगों के जीवन स्तर में व्यापक सुधार किया है। पीएम-स्वनिधि, प्रधानमंत्री आवास योजना, आयुष्मान भारत और उज्ज्वला जैसी योजनाओं के माध्यम से समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाया गया है।
महरौली रोड स्थित एसबीआई की शाखा परिसर में आयोजित जिला स्तरीय जन-कल्याण शिविर का शुभारंभ करते हुए मेयर ने बताया कि पीएम-स्वनिधि योजना के तहत आयोजित इस शिविर में 250 लाभार्थियों ने भाग लिया। उन्होंने कहा कि पीएम-स्वनिधि योजना छोटे कारोबारियों और रेहड़ी-पटरी विक्रेताओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। इससे हजारों स्ट्रीट वेंडर्स को स्वरोजगार के माध्यम से आत्मनिर्भर बनने का अवसर मिला है। सिटी प्रोजेक्ट अधिकारी द्वारका प्रसाद ने कहा कि पीएम-स्वनिधि योजना के जरिए स्ट्रीट वेंडर्स को आसान ऋण सुविधा दी जा रही है। पात्रों को डिजिटल भुगतान प्रणाली से भी जोड़ा जा रहा है। शिविर में भाजपा के वरिष्ठ नेता तिलकराज मल्होत्रा, सिटी प्रोजेक्ट अधिकारी द्वारका प्रसाद, चीफ मैनेजर बसंत कुमार, लीड डिस्ट्रिक्ट मैनेजर विनोद बजाज सहित विभिन्न बैंकों और विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
योजनाओं और ऋण सुविधाओं की दी जानकारी
शिविर के दौरान लाभार्थियों को पीएम-स्वनिधि योजना के तहत ऋण सुविधाओं, डिजिटल भुगतान, वित्तीय समावेशन, स्वास्थ्य सेवाओं, श्रम कल्याण योजनाओं और खाद्य सुरक्षा योजनाओं की जानकारी दी गई। विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों पर नागरिकों की समस्याओं का समाधान भी किया गया। स्वास्थ्य, खाद्य एवं आपूर्ति, श्रम विभाग के साथ-साथ नगर निगम मानेसर, नगर परिषद सोहना, नगर परिषद पटौदी-जाटौली मंडी और नगर पालिका फर्रुखनगर के अधिकारियों ने भी भागीदारी निभाई।