गुरुग्राम। आठवीं एड्डी चैलेंज कप में जिले के साई कराटे एकेडमी के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन कर कई पदक अपने नाम किए। इस टूर्नामेंट में काटा और कुमिते की विभिन्न श्रेणियों में कड़े मुकाबले हुए, जिसमें एकेडमी के 14 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। सीनियर वर्ग के 16 वर्ष आयु वर्ग में हिमांशी सैनी ने सटीक तकनीक और दमदार मूव्स के दम पर दो स्वर्ण पदक हासिल किए। वहीं, 14 वर्ष आयु वर्ग में सृष्टि मिश्रा ने भी बेहतरीन कौशल दिखाते हुए एक स्वर्ण और एक रजत पदक अपने नाम किया। काव्यांजलि ने 10 वर्ष आयु वर्ग में एक स्वर्ण और एक कांस्य पदक हासिल किया। मध्यम और जूनियर वर्ग में भी खिलाड़ियों का दबदबा कायम रहा। वानी भारद्वाज और आर्यवीर सिंह ने अपनी फुर्ती और सटीक किक्स के दम पर एक स्वर्ण और एक कांस्य पदक हासिल किया। आरिका अनिल, तरुण कटारिया, शौर्य और भविष्य सैनी ने कड़े संघर्ष के बाद एक-एक रजत और एक-एक कांस्य पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। उज्ज्वल कटारिया और कोविद शर्मा ने भी दमदार प्रदर्शन करते हुए दो-दो कांस्य पदक अपने नाम किए। संवाद