गुरुग्राम।
जिले के खिलाड़ियों ने हरियाणा खेल महाकुंभ 2025 में शानदार प्रदर्शन करते हुए 22 जिलों में तीसरा स्थान हासिल किया। पंचकूला के ताऊ देवीलाल स्टेडियम में 24 से 26 सितंबर तक आयोजित इस प्रतियोगिता में गुरुग्राम की महिला कराटे टीम ने टीम कुमिते इवेंट में तीसरा स्थान प्राप्त किया, जिसमें यशिका धारीवाल, पिंकी, कृपा, मुस्कान और ऋद्धि अत्री ने दमदार खेल दिखाया। वहीं, पृथ्वी चौहान ने व्यक्तिगत काता इवेंट में तीसरा स्थान जीतकर जिले का मान बढ़ाया।
टीम कोच पवन सिंह ने इस उपलब्धि को खिलाड़ियों की मेहनत और सभी कोच के सहयोग का नतीजा बताया। उन्होंने कहा कि बास्केटबॉल प्रशिक्षक गौरव और हॉकी प्रशिक्षक निर्मला का योगदान भी सराहनीय रहा है। खेल महाकुंभ में करीब 3013 खिलाड़ियों ने जूडो, कराटे, कुश्ती, टेबल टेनिस, वॉलीबॉल और हॉकी जैसी प्रतियोगिताओं में भाग लिया।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने खेल महाकुंभ का शुभारंभ किया और खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाते हुए उनकी सफलता की सराहना की। गुरुग्राम के खिलाड़ियों की इस जीत ने न केवल जिले का नाम रोशन किया है, बल्कि उनके लिए आगे नए अवसरों और रोजगार की राह भी खोल दी है। जिलेभर से खिलाड़ियों और कोच को बधाइयाँ दी जा रही हैं।