- मच्छर जनित बीमारियों का खतरा बढ़ा
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। सिविल लाइन स्थित नेहरू स्टेडियम में पिछले दस दिनों से सीवर ओवरफ्लो की समस्या बनी हुई है। जिससे खिलाड़ियों और आम लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ओवरफ्लो के कारण सीवर का पानी स्टेडियम में जमा हो गया है जिस वजह से खिलाड़ियों को मैदान वैकल्पिक रास्तों से होकर आना पड़ रहा है। रोजाना सुबह और शाम को टहलने आने वाले स्थानीय निवासी भी इस स्थिति से बेहद परेशान हैं। गंदा पानी और उसमें पनपते मच्छरों के कारण मच्छर जनित बीमारियों का खतरा तेजी से बढ़ने का खतरा बढ़ गया है।
लोगों का कहना है कि प्रशासन को कई बार शिकायत देने के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। स्टेडियम में मौजूद एक व्यक्ति ने बताया कि सीवर लाइन बंद होने की वजह से समस्या हो रही है। सीवर लाइन चोक होने से पानी ओवरफ्लो हो रहा है। खासकर खिलाड़ियों को अभ्यास करने में दिक्कत हो रही है। ग्राउंड के पास पानी जमा है जिसके बदबू से माहौल दूषित हो चुका है। स्थानीय लोगों और खिलाड़ियों ने विभाग से इस समस्या का जल्द समाधान करने की मांग की है।
अब तक यह समस्या मेरे संज्ञान में नहीं थी। नेहरू स्टेडियम में जो भी समस्या है उस पर संबंधित विभाग से बात कर एक-दो दिन में समाधान कर दिया जाएगा। -आरती, जिला खेल अधिकारी