भूकंप की चर्चा के बीच निवासियों में और भी दहश्त, सीएम कार्यालय में शिकायत की
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। शहर की सोसाइटियों में फ्लैटों से प्लास्टर और कंक्रीट गिरने का सिलसिला रुक नहीं रहा है। बुधवार को शहर की सेक्टर-70 स्थित बीपीटीपी एस्टेयर गार्डन में निवासियों के फ्लैट में कंक्रीट और प्लास्टर झड़ कर गिरने का मामला सामने आया है। अभी तीन दिन पहले ही बीपीटीपी सेरेन में प्लास्टर गिरने की घटना हुई थी।
पिछले दो दिनों में लगे भूकंप के झटकों और इस तरह गिर रहे प्लास्ट व कंक्रीट की घटनाओं के चलते निवासी भयभीत हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री कार्यालय के साथ-साथ सोशल मीडिया के माध्यम से जिला प्रशासन तक अपनी बात पहुंचाई है। मुख्यमंत्री कार्यालय से यहां के निवासियों ने कहा है कि जिस तरह घरों से कंक्रीट और प्लास्टर गिर रहा है, उससे लगता है कि कभी भी कोई बड़ा हादसा हो सकता है। यहां के रखरखाव को लेकर कई बार शिकायत की है लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई है।
यहां के रहने वाले रजत कहते हैं कि सोसाइटी में पिछले सात साल से बाहरी मरम्मत का काम नहीं हुआ है। जबकि यह काम बिल्डर की ओर से पांच साल में करवाना था। छज्जे का गिरना भी इसी कारण से हुआ है। संदीप कुमार कहते हैं कि जो प्लास्टर गिरा है वह रेत का था। सीमेंट की मात्रा कम थी। सतीश यादव कहते हैं कि जो स्थिति एस्टेयर गार्डन में है वही स्थिति सेक्टर-95 स्थित रामसन क्षितिज में है।