गुरुग्राम। मानसून में साइबर सिटी में जाम की समस्या न हो इसके लिए ट्रैफिक पुलिस ने योजना तैयार की है। सभी चारों जोन के 35 प्वाइंट का चयन किया है। जहां पर पिछली बरसात में जलभराव के कारण ट्रैफिक व्यवस्था प्रभावित हुई थी। उन प्वाइंट पर पुलिस बल की अतिरिक्त तैनाती के साथ ही क्रेन रखने की योजना है। ट्रैफिक पुलिस ने जलभराव वाले प्वाइंट पर चार-चार जवान अतिरिक्त तैनात किए हैं।
इसके साथ ही ट्रैफिक पुलिस को बरसात के दौरान किसी भी समस्या से निपटने के लिए अतिरिक्त संसाधन उपलब्ध कराए जाएंगे। जेडओ की जिम्मेवारी होगी कि वह अपने प्वाइंट की जानकारी समय-समय पर कंट्रोल रूम के साथ अधिकारियों को उपलब्ध कराएगा। डीसीपी ट्रैफिक रविंद्र सिंह तोमर ने आदेश दिया है कि सभी जेडओ अपने प्वाइंट की समस्या का निस्तारण 24 घंटे के अंदर करें। ट्रैफिक पुलिस के पास जितनी भी क्रेन हैं। सबको ठीक कराया गया है। पांच-पांच किमी की दूरी पर एक-एक क्रेन को रखने की योजना है।
यहां जलभराव से लगता है जाम
: मानेसर जोन में बिलासपुर चौक
: राजीव चौक, होंडा चौक
: सुभाष चौक
: वाटिका चौक
: दौलताबाद फ्लाई ओवर
: अतुल कटारिया चौक
: महाबीर चौक
: सिरहौल बॉर्डर
निर्माणाधीन साइटों पर रहेगी विशेष नजर
शहर में जितनी साइटों पर निर्माण चल रहा है। उस स्थान पर ट्रैफिक पुलिस की विशेष प्लानिंग हैं। यहां पर जवानों की तैनाती के साथ क्रेन भी रखा जाएगा। सोहना रोड पर भोडसी चौक के साथ ही वाटिका चौक पर जलभराव का अंदेशा है।
यह संभालेंगे जिम्मा
: एक हजार ट्रैफिक पुलिस के जवान
: चार एसीपी
: एक डीसीपी
: 12 ट्रैफिक इंस्पेक्टर
: 100 जेडओ
ट्रैफिक पुलिस ने निगम से मांगी 20 क्रेन
ट्रैफिक पुलिस के पास पांच क्रेन है। निगम से 20 अतिरिक्त क्रेन की मांग की है। जलभराव के समय इस्तेमाल किया जाएगा। यह क्रेन अभी नो पार्किंग में खड़े होने वाले वाहनों को हटाने में लगी हुई हैं।
मानसून आने के बाद शहर की ट्रैफिक व्यवस्था पर असर न पड़े। इसके लिए योजना तैयार कर ली गई। सभी अधिकारियों को निर्देश दिश गया है कि वह अपने प्वाइंट की तैयारी 24 घंटे के अंदर करे।
आरएस तोमार, डीसीपी ट्रैफिक, गुरुग्राम
जीएमडी के सीईओ आज करेंगे बैठक
बरसात के बाद होंडा चौक पर हुए जलभराव के बाद गुरुग्राम देश ही नहीं विदेशों में भी सुर्खियों में रहा है। इसके बाद से प्रदेश सरकार की नजर है। जीएमडी के सीईओ सुधीर राजपाल ने बृहस्पतिवार को चार बजे नगर निगम आयुक्त, पुलिस आयुक्त, डीसीपी ट्रैफिक, उपायुक्त व अन्य अधिकारियों के साथ बैठक करेंगे। जिसमें सभी विभागों की ओर से की जा रही तैयारियों पर चर्चा करेंगे।