चिन्हित किए गए स्थानों के अलावा प्रचार सामग्री लगाने पर होगी कार्रवाई
संवाद न्यूज एजेंसी
सोहना। निर्वाचन विभाग की ओर से सोहना विधानसभा क्षेत्र में प्रचार सामग्री और जनसभा के लिए स्थान निर्धारित कर दिए गए हैं। जनसभा के लिए उम्मीदवार निर्वाचन अधिकारी कार्यालय में ऑफलाइन या सुविधा पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। चिन्हित किए गए स्थानों के अलावा कहीं पर भी प्रचार सामग्री लगाने या जनसभा करने पर संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
सोहना विधानसभा क्षेत्र के निर्वाचन अधिकारी एवं एसडीएम होशियार सिंह ने बताया कि सोहना के खेल स्टेडियम, नई अनाजमंडी परिसर और तावड़ू में नूंह रोड पर स्थित अनाजमंडी परिसर में जनसभा का आयोजन किया जा सकता है। सोहना नगर परिषद क्षेत्र में नंगली मोड़, फव्वारा चौक, अग्रसेन चौक, लेबर चौक, बस स्टैंड, राम मंदिर चौक, गुरुद्वारा चौक, लाखुवास पानी की टंकी, सुशील नगर चौक और सिरसका चौक पर प्रचार सामग्री लगाई जा सकती है।
इसी प्रकार तावडू नगर पालिका क्षेत्र में सोहना चौक, पटौदी चौक, लखपत चौक, रेवाड़ी चौक और मोहम्मदपुर तावडू की चुंगी नंबर 5 पर होर्डिंग, बैनर और पोस्टर आदि लगाए जा सकते हैं। एसडीएम ने बताया कि तावडू खंड के गांव खरखड़ी में कुआं चौक के समीप, पढैनी, डिंगरहेडी में एससी चौपाल, जाफराबाद, ग्वारका में सरपंच की बैठक के समीप, चाहाल्का, कलियाका, फतेहपुर, भंगोह, गुढ़ी और जलालपुर सोहना में आम चौपाल, बिस्सर अकबरपुर में जहारबीर मंदिर व धर्मशाला के समीप स्थान तय किए गए हैं। इन जगहों पर होर्डिंग, बैनर और पोस्टर आदि लगाए जा सकते हैं।
सोहना सब डिवीजन में तावडू खंड के राठीवास, रंगाला में सामान्य चौपाल, धुलावट, बावला, सिलखो, भाजलाका में स्कूल के समीप, सुनारी में एससी चौपाल के पास, सेवका, सराय, गोयला में एससी चौपाल व स्कूल के सामने,एससी चौपाल, मंडाराका व कागरका की सामान्य चौपाल, कोटा खंडेवला में शिव मंदिर व स्कूल के सामने, निजामपुर में एससी चौपाल के साथ व सामान्य चौपाल, खोरी खुर्द में एससी चौपाल व एसजीएच विभाग के पास, खोरी कलां में बसस्टैंड के समीप, कलवाड़ी में राजीव गांधी सेवा केंद्र के समीप प्रचार सामग्री लगाई जा सकती है। एसडीएम ने बताया कि विधानसभा चुनाव के दौरान रैली या जनसभा के आयोजन से पहले आवेदन निर्वाचन अधिकारी कार्यालय से अनुमति लेनी होगी।