डीएलएफ फेज टू क्यू -2 ब्लॉक का मामला, वीडियो वायरल
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। डीएलएफ फेज टू के क्यू -2 ब्लॉक में बृहस्पतिवार को पिटबुल ने एक व्यक्ति और उनके ल्हासा आपसो ब्रिड के पालतू कुत्ते को घायल कर दिया। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। हमला करने वाले पिटबुल के मालिक की पहचान नहीं हो पाई है।
इलाके में रहने वाले अभिषेक साहनी ने बताया कि बृहस्पतिवार को उन्होंने अपने घर के सामने जोर-जोर से चिल्लाने की आवाज सुनी। बाहर निकले तो देखा कि एक व्यक्ति चिल्ला रहा है और एक पिटबुल उन्हें घसीट रहा है। वहां मौजूद दूसरा व्यक्ति पिटबुल को हटा रहा है। ल्हासा आपसो ब्रिड के छोटे कुत्ते को पिटबुल ने बुरी तरह घायल कर दिया था। उस व्यक्ति के सिर पर कुत्ते ने घाव कर दिया। स्थिति इतनी भयानक थी कि डर के मारे कोई बीचबचाव में भी आगे नहीं आ रहा था। अभिषेक ने कहा कि वह खुद काफी डर गए थे। कुत्ता बहुत ही खतरनाक तरीके से हमला कर रहा था। इस वीडियो और फोटो को सोसाइटी के ग्रुप और अन्य समूहों में डाला गया है लेकिन अभी तक कुत्ते के मालिक की पहचान नहीं हो पाई है। पिटबुल उन प्रतिबंधित कुत्तों में शामिल किया गया है, जिसको खतरनाक समझा जाता है और उसकी ब्रिडिंग और बिक्री पर रोक है। नगर निगम ने पालतू कुत्तों के रजिस्ट्रेशन को भी अनिवार्य किया था। डीएलएफ फेज टू के आरडब्ल्यूए अध्यक्ष मनीष धवन ने कहा कि उन्हें यह पता नहीं चल पाया है कि किसका कुत्ता था और कौन घायल हुआ है। इस घटना के बाद दाेनों वहां से चले गए। देखने में दोनों कुत्ता घुमाने वाले कर्मी लग रहे हैं। उनकी पहचान की कोशिश की जा रही है। नगर निगम संयुक्त आयुक्त प्रीतपाल सिंह ने बताया कि उन्हें इस घटना की सूचना नहीं है। वे कही बाहर हैं। इसके बारे में पता कर कार्रवाई करेंगे।