टीजीटी में 6,984 और पीआरटी में 3,709 अभ्यर्थी आज देंगे परीक्षा
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड, भिवानी की ओर से आयोजित हरियाणा अध्यापक पात्रता परीक्षा (एचटेट-2026) के तहत शनिवार को जिले के 22 परीक्षा केंद्रों पर लेवल-3 पीजीटी परीक्षा शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हुई। परीक्षा के दौरान कहीं से भी किसी प्रकार की अव्यवस्था या अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली। जिला प्रशासन और पुलिस विभाग की निगरानी में सभी केंद्रों पर परीक्षा निर्धारित समय पर संपन्न कराई गई।
उपायुक्त उत्तम सिंह ने बताया कि परीक्षा के सफल आयोजन के लिए पहले से ही व्यापक तैयारियां की गई थीं। सभी परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा, पेयजल, बिजली, स्वास्थ्य सेवाएं और यातायात की समुचित व्यवस्था की गई थी, ताकि अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की परेशानी न हो। परीक्षा केंद्रों के बाहर भी पुलिस बल तैनात रहा और बोर्ड की ओर से जारी सभी दिशा-निर्देशों का सख्ती से पालन कराया गया।
दोनों परीक्षाओं के लिए प्रशासन तैयार
डीसी ने बताया कि रविवार को होने वाली लेवल-2 टीजीटी और लेवल-1 पीआरटी परीक्षाओं के लिए भी सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। जिले में टीजीटी परीक्षा के लिए 6,984 और पीआरटी परीक्षा के लिए 3,709 अभ्यर्थी पंजीकृत हैं। दोनों परीक्षाओं को भी निष्पक्ष और व्यवस्थित ढंग से कराने के लिए प्रशासन पूरी तरह तैयार है।
एसडीएम ने परीक्षा केंद्र का किया निरीक्षण
एचटेट पीजीटी परीक्षा के दौरान एसडीएम गुरुग्राम हितेंद्र कुमार ने सेक्टर-34 स्थित डीपीजी कॉलेज के तीन परीक्षा केंद्रों और सेक्टर-10 स्थित ब्लू बेल्स पब्लिक स्कूल का निरीक्षण किया। उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था, अभ्यर्थियों की प्रवेश प्रक्रिया और परीक्षा संचालन का जायजा लिया। केंद्र अधीक्षकों को बोर्ड के सभी दिशा-निर्देशों का सख्ती से पालन कराने तथा किसी भी अनियमितता पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।