गुरुग्राम। नगर निगम में आउटसोर्स कर्मचारियों के पीएफ व ईएसआई खातों में हुई गड़बड़ी की जांच होगी। इसके लिए नगर निगम के मुख्य लेखा अधिकारी पीएफ कमिश्नर को पत्र लिखेंगे। यह निर्देश सोमवार को गठित कमेटी की बैठक के दौरान डिप्टी मेयर सुनीता यादव ने दिए।
उन्होंने नगर निगम के मुख्य लेखा अधिकारी सुमंत कुमार को एक माह के अंदर एजेंसियों के एस्क्रो अकाउंट (निलंबलेख खाता) खुलवाने का निर्देश दिया। उन्होंने एजेंसियों के प्रतिनिधियों को आऊटसोर्स आधार पर लगे कर्मचारियों को प्रति माह सैलरी स्लिप उपलब्ध करवाने का भी निर्देश दिया। वहीं, एजेंसियों को एक माह के अंदर कर्मचारियों का पूरा रिकॉर्ड दुरुस्त करना होगा। इन निर्देशों का पालन न होने पर अगली बैठक में पूरे मामले की जांच स्टेट विजिलेंस ब्यूरो को सौंप दी जाएगी।
बैठक में नगर निगम अतिरिक्त निगमायुक्त रोहताश बिश्नोई, निगम पार्षद रविंद्र यादव, स्थापना शाखा व लेखा शाखा के अन्य अधिकारी मौजूद रहे। साथ ही आऊटसोर्स एजेंसी एमआईटूसी व आरएस इंटरप्राइजेज के प्रतिनिधि भी मौजूद रहे।