- खरखड़ी ग्राम पंचायत के खिलाफ दायर किया था मुकदमा, अदालत ने कहा- आवंटित प्लॉट तक ही कब्जा होने का प्रमाण नहीं दिया
अदालत से-
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। पंचायत की जमीन पर कब्जे और बेदखली की कार्रवाई के खिलाफ अदालत में दायर याचिका जिला अदालत ने खारिज कर दी है। अदालत ने कहा कि वादी यह साबित नहीं कर सका कि उसके परिवार का मकान और कब्जा सरकार की ओर से आवंटित 100 वर्ग गज के प्लॉट तक ही सीमित है। सिविल जज (जूनियर डिवीजन) डॉ. मोहम्मद इम्तियाज खान ने यह आदेश दिया है।
खरखड़ी गांव निवासी श्रीकृष्ण ने ग्राम पंचायत के खिलाफ अदालत में मुकदमा दायर किया था। उनका कहना था कि हरियाणा सरकार ने 14 फरवरी 1977 को उनके पूर्वज लाला राम को 100 वर्ग गज का प्लॉट आवंटित किया था। इस पर मकान बनाकर परिवार लंबे समय से रह रहा है। वादी का आरोप था कि परिवार ने पंचायत की जमीन पर कोई कब्जा नहीं किया है, लेकिन गलत तरीके से पैमाइश कर अतिक्रमण दिखा दिया गया और मकान खाली कराने की कार्रवाई शुरू कर दी गई। वादी ने 24 सितंबर 2016 की पैमाइश रिपोर्ट और इसके आधार पर 2018 व 2019 में जारी तीन आदेशों को गलत बताते हुए रद्द करने की मांग की थी।
वादी ने पंचायत की जमीन पर अवैध कब्जा किया-
सुनवाई के दौरान ग्राम पंचायत ने कहा कि वादी ने पंचायत की जमीन पर अवैध कब्जा किया है। इस संबंध में पहले ही बेदखली के आदेश जारी हो चुके हैं। अदालत ने दोनों पक्षों की दलीलें और दस्तावेज देखने के बाद पाया कि वादी ने जिस पैमाइश रिपोर्ट को गलत बताया था, उसे अदालत में पेश नहीं किया। न ही इस प्रक्रिया से जुड़े किसी राजस्व अधिकारी या स्वतंत्र गवाह को बुलाया गया। अदालत ने कहा कि वर्ष 1977 में प्लॉट आवंटित होने के दस्तावेजों से केवल इतना साबित होता है कि परिवार को 100 वर्ग गज जमीन मिली थी। इन दस्तावेजों से यह साबित नहीं होता कि वर्तमान में परिवार का मकान और कब्जा भी केवल इसी जमीन तक सीमित है।