एचएसवीपी 17 हजार एकड़ जमीन खरीदने की योजना पर कर रहा काम
अमर उजाला ब्यूरो
गरुग्राम। हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण के सेक्टरों में लोगों को प्लॉट खरीदने का मौका मिल सकता है। इसके लिए एचएसवीपी की ओर से 36 गांवों/सेक्टरों से करीब 17,000 एकड़ जमीन खरीदने की तैयारी है। प्रदेश सरकार ने 69 शहरों में कुल 1.7 लाख एकड़ भूमि विकसित करने का लक्ष्य रखा है। इसका उद्देश्य आने वाले वर्षों में नए रिहायशी सेक्टर, व्यावसायिक जिले और संस्थागत क्षेत्र तैयार करना है। पहले चरण में 13 शहरों में करीब 40,000 एकड़ भूमि सीधे समझौते के आधार पर खरीदी जाएगी, जिसमें गुरुग्राम को प्राथमिकता दी गई है।
इसके लिए सरकार ने ई-भूमि पोर्टल को अधिकृत माध्यम बनाया है। अधिसूचित गांवों के भूमि मालिक इस पोर्टल पर जाकर अपनी जमीन का विवरण दर्ज कर सकते हैं। पहले चरण में गुरुग्राम के सेक्टर-26, 36ए, 37डी, 59, 60, 61, 63, 67, 70, 76 से लेकर 113 तक में लगभग 17,000 एकड़ जमीन खरीदी जाएगी। इन गांवों में जमीन अधिग्रहण के समय काफी जमीन बची हुई हैं। ऐसे में अब सरकार किसानों से ई-पोर्टल के माध्यम से जमीन खरीदने की योजना पर काम कर रही है। इसके लिए किसानों को पोर्टल पर पंजीकरण करना होगा। दूसरे चरण में सोहना, पटौदी और ग्वाल पहाड़ी क्षेत्रों में लगभग 5,035 एकड़ जमीन खरीदी जाएगी। इसके लिए एक माई से 30 जून तक पोर्टल खोला जाएगा।
तीसरे चरण में फर्रुखनगर के सेक्टर-1, 3, 4 और 5 में 1,203 एकड़ जमीन खरीदी जानी है। संपदा अधिकारी एक राकेश सैनी ने बताया कि कई गांवाें में जमीन हैं। उन्होंने बताया कि इसके लिए कदम उठाए जा रहे हैं। जमीन का विवरण ईपोर्टल पर डाला गया है।
कैसे मिलेगा प्लॉट अभी तय नहीं
एचएसवीपी के एक से 115 तक सेक्टर हैं। अभी कई गांवों के राजस्व में आने वाले सेक्टरों में जमीन है। ऐसे में प्रदेश सरकार जमीन को पोर्टल के माध्यम से लेगी। हालांकि अभी प्लॉट कैसे मिलेगा यह तय नहीं है। इसके लिए ऑनलाइन बोली लगाई जाएगी या आवेदन मांग कर लकी ड्रॉ निकाल जाएगा। बता दें कि गुरुग्राम में लंबे समय से हुडा ने कोई सेक्टर विकसित नहीं किया है। ऐसे में एचएसवीपी की ओर से जमीन लेने की प्रक्रिया शुरू करने से लोगों को उम्मीद हैं कि उन्हें प्लॉट मिल सकेगा। प्रॉपर्टी कंसल्टेंट वीएमके सिंह ने कहा कि कई लोगों को पहली पसंद प्लॉट की होती है। ऐेसे में देखना होगा कि प्लॉट आम आदमी के बजट में आते हैं या नहीं।