सेक्टर-61 में इंदिरा गांधी आई हॉस्पिटल के पास बदहाल सड़क
हल्की बारिश में ही भर जाता है पानी, वाहन चालकों में रोष
संवाद न्यूज एजेंसी
बादशाहपुर। सेक्टर-61 स्थित सीआरपीएफ रोड पर सड़क की खराब हालत होने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। गढ्ढों के कारण सड़क पर वाहन चालकों का चलना मुश्किल हो रहा है। खासकर इंद्रा गांधी आई अस्पताल के पास सड़क पर बने गड्ढों के कारण आए दिन हादसे का खतरा बना रहता है। स्थानीय लोगों और वाहन चालकों ने प्रशासन से जल्द सुधार की मांग की है।
सड़क की स्थिति इतनी खराब हो चुकी है कि हल्की बारिश होते ही यहां पानी भर जाता है। पानी भरने के कारण सड़क पर बने गड्ढे दिखाई नहीं देते जिससे वाहन चालकों को भारी जोखिम उठाना पड़ता है। खासकर दोपहिया वाहन चालकों के लिए यह मार्ग बेहद खतरनाक बन गया है। मौके पर मिले बाइक चालक कृष्ण ने बताया कि इस सड़क से गुजरते समय उन्हें अतिरिक्त सावधानी बरतनी पड़ती है। उन्होंने कहा कि गड्ढों की वजह से हमेशा डर बना रहता है कि कहीं बाइक फिसल न जाए या गिरकर चोट न लग जाए।
वहीं, स्थानीय निवासी मुकेश पाल ने बताया कि बारिश के दौरान स्थिति और भी खराब हो जाती है जिससे लोगों की आवाजाही प्रभावित होती है। क्षेत्र के निवासियों का कहना है कि यह समस्या लंबे समय से बनी हुई है लेकिन संबंधित विभाग द्वारा कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। सड़क की मरम्मत न होने के कारण लोगों में रोष बढ़ता जा रहा है। वहीं उनका कहना है कि सड़क की मरम्मत किया जाना अति आव्श्यक है जिससे की आवजाही सुगम बन सके।