आईएफसी चौक पर प्रदर्शन कर 12 सूत्रीय मांगें रखीं
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। आईएफसी चौक पर अवैध डंपिंग के खिलाफ रविवार को निवासी सड़क पर उतर गए। प्रदर्शनकारियों ने शहर में बेहतर सफाई व्यवस्था, सुचारु बुनियादी ढांचे और जवाबदेह व्यवस्था की मांग उठाई। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि बार-बार दिए जाने वाले आश्वासनों और विभागों के बीच जिम्मेदारी एक-दूसरे पर डालने से समस्याओं का स्थायी समाधान नहीं हो रहा है।
प्रदर्शन के दौरान नागरिकों ने 12 सूत्रीय मांगें रखीं। इनमें शहर की नागरिक सुविधाओं और यातायात का व्यापक ऑडिट, सड़कों की नियमित मरम्मत, जाम के समाधान के लिए एकीकृत यातायात प्रबंधन, सार्वजनिक परिवहन और पैदल यात्रियों की सुविधाओं में सुधार की मांग की गई।
इसके अलावा घर-घर कचरा संग्रहण, कचरा पृथक्करण, अवैध डंपिंग और अतिक्रमण पर कार्रवाई और नालियों की नियमित सफाई की मांग भी शामिल है। प्रदर्शन में शामिल निवासी खुशबू ने कहा कि गोल्फ कोर्स एक्सटेंशन रोड की सोसाइटियों के निवासी हस्ताक्षरित याचिका की प्रतियां लेकर आए हैं। उन्होंने कहा कि हम अपने शहर को कूड़ाग्राम नहीं बनने देंगे।
मेकिंग मॉडल गुरुगाम और गुरुग्राम रेजिडेंट्स अगेंस्ट पॉल्यूशन की संयोजक गौरी सरीन ने बताया कि गुरुग्राम के निवासी टैक्स देते है और शहर की आर्थिक प्रगति में योगदान देते हैं, इसलिए उन्हें बेहतर कचरा प्रबंधन, जल निकासी और सार्वजनिक सुविधाएं मिलनी चाहिए।