सोहना। क्षेत्र के लोगों ने सोमवार को एकजुट होकर सोहना को मेट्रो से जोड़ने की मांग को लेकर एक हस्ताक्षर युक्त लिखित ज्ञापन पत्र सोहना एसडीएम अखिलेश यादव की मार्फत प्रदेश मुख्यमंत्री के नाम प्रेषित किया। इसमें करीब 10 हजार गणमान्य लोगों ने हस्ताक्षर करके अपनी सहमति जताई है। नागरिक इस मुहिम में करीब एक माह से जुटे हुए थे, जिन्होंने करीब 10 हजार लोगों के हस्ताक्षर कराकर मेट्रो चलाए जाने की सहमति ली है। ऐसे हस्ताक्षर करने वालों में पार्षद, नंबरदार, सरपंच, व्यापारी आदि के अलावा सामाजिक, धार्मिक व राजनीतिक संस्थाओं के प्रतिनिधि भी शामिल हैं। वहीं, एसडीएम अखिलेश यादव ने आश्वस्त किया है कि उनके ज्ञापन को उच्चाधिकारियों के समक्ष जल्द ही भेज दिया जाएगा। अभियान के संयोजक महेंद्र राणा ने बताया कि सरकार ने भोंडसी तक मेट्रो की मंजूरी दी है, जिसका विस्तार सोहना तक किया जाना चाहिए। इससे विद्यार्थियों, नौकरी पेशा, महिलाओं आदि को राहत मिल सकेगी। संवाद