नागरिकों को आठ से दस साल पहले बने आधार कार्ड अपडेट कराना जरूरी
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। दस साल पहले बने आधार कार्ड अपडेट कराना अनिवार्य कर दिया गया है। इसके लिए 14 दिसंबर तक निशुल्क अपडेट सुविधा सरकार की ओर से दी जा रही है। नागरिक अपने आधार आनलाइन www.uidai.gov.in पर निशुल्क अपडेट कर सकते हैं। किसी भी पंजीकृत आधार केंद्र पर 50 रुपये का शुल्क देकर भी अपडेट कराया जा सकता है। एडीसी हितेश कुमार मीणा ने यह जानकारी आधार कार्ड कार्यों के लिए गठित जिला स्तरीय निगरानी समिति की बैठक में दी। बैठक की अध्यक्षता करते हुए एडीसी ने उपस्थित विभागों के अधिकारियों को दिशा निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि लोगों से सेवाओं के लिए निर्धारित शुल्क ही लिया जाए।उन्होंने कहा कि आधार कार्य के लिए जिले में विभिन्न सरकारी स्थानों के साथ बैंकों, पोस्ट ऑफिस, बीएसएनएल आफिस में सेंटर स्थापित किए गए हैं। नागरिक का नया आधार कार्ड निशुल्क बनाया जा रहा है। अन्य कार्य जैसे आधार अपडेट, नाम, पता, जन्म तिथि और मोबाइल नंबर संशोधन व सुधार के लिए 50 रुपये का शुल्क लिया जाएगा। बायोमैट्रिक अपडेट के लिए 100 रुपये फीस निर्धारित है।