-नवीन गोयल ने कहा कि हम सब मिलकर इस विषय को उठाएंगे
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। जिले के सुखराली एंक्लेव में कैनविन फाउंडेशन की ओर से रविवार को वोटर आईडी व पहचान पत्र शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्धाटन करने पहुंचे पर्यावरण संरक्षण विभाग भाजपा हरियाणा प्रमुख नवीन गोयल के समक्ष लोगों ने आयुध डिपो के 900 मीटर क्षेत्र को लेकर अपनी समस्या रखी। नवीन गोयल ने कहा कि हम सब मिलकर इस विषय को उठाएंगे। इस क्षेत्र में लाखों लोगों का वास हो चुका है, ऐसे में बीच का रास्ता निकालकर लोगों को राहत दी जानी चाहिए।
वोटर आईडी व पहचान पत्र शिविर में क्षेत्र के काफी लोगों ने लाभ उठाया। नवीन गोयल ने लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि आयुध डिपो के 900 मीटर क्षेत्र में लोगों ने अपने जीवनभर की पूंजी मकान बनाने में लगा दी है। ऐसे में इनके मकानों को क्षति पहुंचाना सही नहीं रहेगा। इसलिए वे इस क्षेत्र की जनता के साथ मिलकर राज्य और केंद्र सरकार से अनुरोध करते हैं कि लोगों के आशियानों को बचाकर बीच का रास्ता निकाला जाए।
उन्होंने लोगों से भी कहा कि उनकी आवाज को वे उनके साथ मिलकर उठाएंगे। नवीन गोयल ने लोगों से अपील की है कि वे पर्यावरण संरक्षण के लिए काम जरूर करें। अधिक से अधिक पेड़ लगाकर हम अपने जीवन को स्वस्थ बना सकते हैं। इस अवसर पर सतबीर राठी, गगन गोयल, महावीर यादव, सतपाल, मुकेश, राजकुमार, रविंद्र भारद्वाज सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।