गुरुग्राम। डीएलएफ क्षेत्र में तोड़फोड़ के बाद मलबा नहीं हटाने से लोगों को परेशानी हो रही है। लोगाें का कहना है कि विभाग को तोड़फोड़ के साथ ही मलबा भी हटवा देना चाहिए। कई दिनों तक घरों के बाहर मलबा पड़ा रहता है। टाउन एंड कंट्री प्लानिंग विभाग द्वारा डीएलएफ फेज-3 स्थित यू ब्लॉक में सार्वजनिक सड़कों और स्थानों को अतिक्रमण मुक्त कराने के लिए बृहस्पतिवार को अभियान चलाया गया था।
चार टीमों ने करीब साढ़े सात घंटे तक कार्रवाई करते 800-900 मकानों के सामने किए गए विभिन्न प्रकार के अतिक्रमणों को हटाया गया। इमसें मकानों के बाहर बनाए गए अवैध रैंप, एक्सटेंशन, सीढ़ियां, ग्रिल, अवैध साइन बोर्ड, ढाबा एवं फूड काउंटर, रहड़ियां, कियोस्क, पान-बीड़ी के खोखे, लोहे के पोल तथा बैठने के लिए बनाए गए प्लेटफॉर्म हटाए गए थे। लोगों ने बताया कि दूसरे दिन मलबा नहीं हटाने से उन्हें परेशानी हो रही है। डीटीपीई अमित मधोलिया ने कहा कि यू ब्लॉक में अतिक्रमण हटाने का अभियान अभी जारी है। यू ब्लॉक को चरणबद्ध तरीके से अतिक्रमण मुक्त किया जाएगा। अधिकरी ने बताया कि मलबा भी हटवाया जा रहा है। ब्यूरो