संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। मिलेनियम सिटी में शनिवार को सुबह से ही तेज धूप और गर्मी का असर देखने को मिला। दिनभर सूरज के तीखे तेवर रहने से उमस बढ़ गई, जिससे लोगों को घरों से बाहर निकलने में परेशानी का सामना करना पड़ा। दोपहर के समय प्रमुख सड़कों, बाजारों और सार्वजनिक स्थानों पर सामान्य दिनों की तुलना में कम आवाजाही देखी गई।
मौसम विभाग के अनुसार, आगामी दिनों में मौसम में बदलाव की संभावना है। विभाग ने 21 जून के लिए तेज आंधी-तूफान और बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि पश्चिमी विक्षोभ और स्थानीय मौसमी गतिविधियों के प्रभाव से बादलों की आवाजाही बढ़ सकती है।
दो दिन पहले हुई बारिश के बाद सुबह और शाम के समय चल रही ठंडी हवाओं से लोगों को कुछ राहत मिल रही है, लेकिन दिन में गर्म हवाओं और तेज धूप का असर बना हुआ है। शुक्रवार को शहर का अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो पिछले दिन की तुलना में 0.6 डिग्री कम रहा। वहीं न्यूनतम तापमान 26.7 डिग्री सेल्सियस रहा। जिला प्रशासन ने लोगों से दोपहर के समय अनावश्यक रूप से बाहर न निकलने, पर्याप्त पानी पीने और गर्मी से बचाव के उपाय अपनाने की अपील की है।