गुरुग्राम में शुक्रवार को दिनभर निकली धूप से चुन्नी के सहारे बचती युवतियां
- फोटो : Gurgaon
तेज धूप व उमस से दिन भर परेशान रहे लोग
गुरुग्राम। पिछले तीन-चार दिनों से मौसम का बदला मिजाज शहरवासियों को परेशान कर रहा है। बारिश न होने के कारण दिन के तापमान में लगातार बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। शुक्रवार को भी दिन में तेज धूप व उमस भरी गर्मी होने से लोग परेशान रहे। वहीं, एक-एक घंटे की हो रही बिजली कटौती ने कोढ़ में खाज का काम किया।
शुक्रवार सुबह से ही तेज धूप खिल गई थी, जिसमें दोपहर तीन बजे तक कोई कमी नहीं आई। पिछले दिनों दिन में धूप-छांव का दौर चलता रहता था, लेकिन शनिवार तो तो आसमान से बादल पूरी तरह नदारद रहे। जिससे राहगीरों को काफी समस्या हुई। खासकर पैदल यात्री पसीना पोंछते हुए रेलवे स्टेशन व बस स्टैंड की तरफ जाते नजर आए। दिन में रुक-रुककर बिजली भी गुल होती रही, जिससे समस्या और बढ़ गई। शाम के समय लगभग एक से डेढ़ घंटे तक बिजली गुल रही। इस दौरान उमस से लोग खासे परेशान दिखे। अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो कुछ दिनों पहले तक 31 डिग्री सेल्सियस था। स्कूल से लौटते वक्त बच्चे भी गर्मी से बेहाल नजर आए। स्कूली वाहनों में क्षमता से ज्यादा बच्चे बैठे होने की समस्या तो थी ही, तेज धूप एवं उमस ने परेशानी को और बढ़ा दिया। ऐसे में जगह-जगह जाम की स्थिति बनने से राहगीरों की समस्या और भी बढ़ गई।