सेक्टर-82 स्थित मेप्सको कासाबेला सोसाइटी में विशेष शिविर में 100 लोगों ने लिया भाग
संवाद न्यूज एजेंसी
मानेसर। नगर निगम मानेसर ने लोगों की प्रॉपर्टी टैक्स से जुड़ी समस्याओं का समाधान करने के लिए शनिवार को सेक्टर-82 स्थित मेप्सको कासाबेला सोसाइटी में विशेष शिविर लगाया। शिविर में बड़ी संख्या में सोसाइटी के निवासी पहुंचे और विभिन्न सेवाओं का लाभ उठाया। नगर निगम की प्रॉपर्टी टैक्स शाखा द्वारा आयोजित इस शिविर में करीब 100 लोगों ने भाग लिया। लोगों को प्रॉपर्टी टैक्स जमा करने, रिकॉर्ड में सुधार कराने और टैक्स से जुड़ी अन्य समस्याओं के समाधान की सुविधा एक ही जगह पर उपलब्ध कराई गई।
शिविर के दौरान अधिकारियों और कर्मचारियों ने लोगों की शिकायतें सुनीं और कई समस्याओं का मौके पर ही समाधान किया। ब्याज माफी योजना का लाभ उठाते हुए 50 से अधिक प्रॉपर्टी मालिकों ने अपना बकाया प्रॉपर्टी टैक्स जमा कराया। इसके अलावा कई लोगों ने अपनी संपत्ति के रिकॉर्ड में मौजूद गलतियों को ठीक कराने के लिए आवेदन दिए। कुछ लोगों ने क्षेत्रफल, मालिकाना हक और अन्य तकनीकी त्रुटियों से जुड़े दस्तावेज भी जमा कराए। नगर निगम की टीम ने इन आवेदनों को स्वीकार करते हुए जल्द समाधान का भरोसा दिया।
नगर निगम के टैक्स असिस्टेंट उदय सिंह जून ने बताया कि लोगों को बेहतर सुविधाएं देने और प्रॉपर्टी टैक्स के प्रति जागरूक करने के लिए ऐसे कैंप अलग-अलग क्षेत्रों में लगाए जा रहे हैं। उनका उद्देश्य लोगों को उनके घर के पास ही सभी सुविधाएं उपलब्ध कराना है, ताकि उन्हें निगम कार्यालय के चक्कर न लगाने पड़ें। उन्होंने कहा कि आगे भी इस तरह शिविर आयोजित किए जाएंगे, जिससे लोगों की समस्याओं का जल्दी समाधान हो सके और टैक्स से जुड़े काम आसानी से पूरे किए जा सकें।